बस्तर के सुकमा जिले में सर्चिंग पर निकले जवानों ने 8 नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। यह सभी सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के लिए जंगल में IED प्लांट कर रहे थे। उसी दौरान जवानों ने घेराबंदी कर सभी को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें से 6 माओवादियों पर कुल 17 लाख रुपए का इनाम भी घोषित है। दो नक्सलियों पर 8 और 5 लाख का तो वहीं अन्य 4 माओवादी पर 1-1 लाख रुपए का इनाम है। जवानों ने इनके पास से भारी संख्या में विस्फोटक सामग्री भी बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक, सुकमा जिले के कोबरा 201 बटालियन और जिला पुलिस बल के जवान 2 नवंबर को संयुक्त रूप से चिंतलनार थाना क्षेत्र के मोरपल्ली, तिम्मापुरम, पेद्दाबोड़केल समेत अन्य इलाकों में सर्चिंग के लिए निकले हुए थे। जब जवान मोरपल्ली के जंगल मे पहुंचे तो देखा कि कुछ लोग पुलिस को नुकसान पहुंचाने के मकसद से जंगल के रास्तों में IED प्लांट कर रहे थे। इसके बाद जवानों ने अपनी सूझबूझ दिखाते हुए उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। जवानों को देख भागने की कोशिश कर रहे 8 माओवादियों को पकड़ा गया।
सुकमा के SP सुनील शर्मा ने बताया कि, इनमें से एक बटालियन सदस्य है। इस पर 8 लाख रुपए का इनाम है। वहीं, एक मिलिशिया कंपनी कमांडर 5 लाख का इनामी है। अन्य 6 नक्सली DAKMS अध्यक्ष, मिलिशिया कमांडर व अन्य पदों पर भी है। मौके से जवानों ने 2 नग बैटरी, 23 डेटोनेटर, 6 जिलेटिन, एक IED, 4 इलेक्ट्रॉनिक वायर समेत भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। यह सभी कई संगठन में जुड़कर काम कर रहे थे। इलाके में जमकर तांडव मचाया करते थे। इनकी गिरफ्तारी के बाद अब इलाका थोड़ा शांत होगा। पुलिस ने शुक्रवार को पूरे मामले का खुलासा किया है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
- कवासी राजू , बटालियन सदस्य, 8 लाख रुपए का इनामी।
- कमलू मदा (25), मिलिशिया कंपनी कमांडर, 5 लाख का इनामी ।
- कोमराम कन्ना ( 38 ) DAKMS अध्यक्ष, 1 लाख का इनामी।
- मड़कम हिड़मा ( 29), मिलिशिया कमांडर, 1 लाख का इनामी।
- तुरसम मुदराज (45) , DAKMS अध्यक्ष 1 लाख का इनामी।
- मड़कम एकां (25) CNM कमांडर,1 लाख का इनामी।
- मड़कम सोमा (32) मिलिशिया सदस्य।
- मड़कम मुत्ता (40) GRD मिलिशिया सदस्य।