हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा । शुक्रवार को प्री मैट्रिक बालक छात्रावास दीपका में संविधान दिवस मनाया गया। नायब तहसीलदार दीपका वीरेन्द्र श्रीवास्तव एवं मंडल संयोजक अजय श्रीवास्तव की मौजूदगी में भारत के संविधान की उद्देशिका तथा मूल कर्तव्य का वाचन किया।अधिकारियों, कर्मचारियों सहित छात्रों को संविधान के अनुरूप कार्य करने कर्तव्य पालन की शपथ दिखाई गई।

इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारत को एक संपूर्ण-प्रभुत्व संपन्न समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक-आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समानता प्राप्त कराने सहित राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए संविधान को अंगीकृत करने की शपथ ली।संविधान दिवस के अवसर पर जिले के पंचायतों, नगरीय निकायों एवं जिले के विभिन्न कार्यालयों एवं संस्थाओं में भारत का संविधान के उद्देशिका तथा मूल कर्तव्य का वाचन किया गया।तदोपरांत नायब तहसीलदार श्री श्रीवास्तव ने प्री मैट्रिक बालक छात्रावास का निरीक्षण कर बच्चों को प्रदाय की जा रही सेवाओं ,संसाधनों की गुणवत्ता का जायजा लिया। इस दौरान नायब तहसीलदार ने संस्था प्रभारी को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने स्वच्छता सहित बच्चों की सेहत पर विशेष ध्यान रखने की बात कही। साथ ही अनुशासन पर जोर दिया।

संविधान में सभी वर्गो के हितों के मद्देनजर विस्तृत प्रावधानों को शामिल किया गया है
हर वर्ष 26 नवंबर का दिन देश में संविधान दिवस के तौर पर मनाया जाता है। 26 नवंबर को राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में भी जाना जाता है। 26 नवंबर, 1949 को ही देश की संविधान सभा ने वर्तमान संविधान को विधिवत रूप से अपनाया था। हालांकि इसे 26 जनवरी, 1950 को लागू किया गया था।भारतीय संविधान में सभी वर्गो के हितों के मद्देनजर विस्तृत प्रावधानों को शामिल किया गया है। सर्वोच्च न्यायालय की विभिन्न व्याख्याओं के माध्यम से भी बदलती परिस्थितियों के अनुसार विभिन्न अधिकारों को इसमें सम्मिलित किया गया।

संविधान दिवस मनाने का फैसला
साल 2015 में संविधान के निर्माता डा आंबेडकर के 125वें जयंती वर्ष के रूप में 26 नवंबर को सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने इस दिवस को ‘संविधान दिवस’ के रूप में मनाने के केंद्र सरकार के फैसले को अधिसूचित किया था।
