भाजपा कार्यालय में चली गोली :मचा हड़कंप, जवान ने की खुदकुशी

रायपुर । रायपुर के भाजपा प्रदेश कार्यालय, एकात्म परिसर की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी ने खुदकुशी कर ली। पुलिस जवान ने ड्यूटी के दौरान ही अपनी सर्विस राइफल से खुद को गाेली मार ली।

घटना रात 8 बजे की है। गोली लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसका शव कब्जे में ले लिया।वह एकात्म परिसर के भीतर भाजपा मुख्यालय में बने क्वार्टर में रहता था। मुख्य द्वार के पास गार्ड रूम है। उसने वहीं खुदकुशी की। उस समय गार्ड रूम में कोई नहीं था। चारों जवान बाहर तैनात थे। धमाके की आवाज सुनकर जवान भागकर भीतर पहुंचे। कमरे में हवलदार की खून से लथपथ लाश पड़ी थी। आत्महत्या की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रशांत अग्रवाल एडिशनल एसपी सिटी तारकेश्वर पटेल सहित एक दर्जन आला अफसर आनन-फानन में वहां पहुंच गए थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि 4 फरवरी को कांकेर कोरर स्थित अपने घर से लौटा था।
राजकुमार की सास और ससुर की मृत्यु हाल ही में हुई है। 17 फरवरी को उनका दशगात्र है। बुधवार को वह सुबह से तनाव में था। उसकी स्थिति देखकर जवानों ने उसकी सर्विस रायफल गद्दे के नीचे गार्ड रूम में छिपा दी थी।बताया जा रहा है, मूल रूप से कांकेर निवासी राजकुमार नेताम छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल(CAF) की चौथी बटालियन में तैनात थे। उनकी ड्यूटी रजबंधा मैदान स्थित भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर की सुरक्षा में लगाई गई थी। गार्ड रूम के पिछले हिस्से में पुलिस जवानों के रहने की जगह दी गई थी।