नई दिल्ली । पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजों से भाजपा गदगद है। यूपी, उत्तराखंड, मणिपुर और गोवा में भाजपा की जीत से पार्टी के नेता और कार्यकर्ता जश्न में डूबे हुए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने के लिए भाजपा मुख्यालय पहुंचे, यहां उनका जोरदार स्वागत हुआ है। इसके बाद पीएम मोदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चार राज्यों में भाजपा की जीत में उनके योगदान को सराहा। साथ ही पीएम ने भाजपा की प्रचंड जीत के लिए जनता का आभार जताया।
मोदी ने कहा, ‘आज उत्साह और उत्सव का दिन है। मैं इन चुनावों में हिस्सा लेने वाले सभी मतदाताओं को बधाई देता हूं। उनके निर्णय के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं। विशेष रूप से हमारी माताओं, बहनों और युवाओं ने जिस तरह से BJP का समर्थन किया वह अपने आप में बड़ा संदेश है.’ उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मुझसे वादा किया था कि इस बार होली 10 मार्च से ही शुरू हो जाएगी। हमारे कर्मठ कार्यकर्ताओं ने अपने वादे को पूरा करके दिखाया है।मैं अपने कार्यकर्ताओं की भूरी-भूरी प्रशंसा करूंगा, जिन्होंने इन चुनावों में कड़ी मेहनत की है।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने देश को अनेक प्रधानमंत्री दिए हैं लेकिन पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले किसी मुख्यमंत्री के दोबारा चुने जाने का ये पहला उदाहरण है। उत्तर प्रदेश में चार दशक बाद कोई सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। तीन राज्य उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर में सरकार में होने के बावजूद बीजेपी के वोट बैंक में वृद्धि हुई है।
गोवा विधानसभा चुनाव के नतीजों पर मोदी ने कहा कि गोवा में सभी एग्जिट पोल गलत निकले और वहां की जनता ने तीसरी बार भाजपा को सेवा करने का मौका दिया है। 10 साल तक सत्ता में रहने के बाद भी राज्य में BJP की सीटों की संख्या बढ़ी है। उत्तराखंड में भी BJP ने नया इतिहास रचा है, राज्य में पहली बार कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सत्ता में आई है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव के नतीजों ने एक बात और साबित कर दी है और मैं सभी ज्ञानियों को कहता हूं कि देश की भलाई के लिए पुराने घिसे-पिटे रिकॉर्ड को छोड़कर जरा नए सिरे से सोचना शुरू कीजिए। मैं समझता हूं कि उत्तर प्रदेश के नागरिकों को जातिवाद में बांटकर वे उन जातियों और उन नागरिकों का अपमान करते थे। पूरे उत्तर प्रदेश का अपमान करते थे।उन्होंने कहा कि इस देश के लिए बड़े दुख की बात है और मैं खुद वह दुख अनुभव करता था।जब ये ज्ञानि लोग उत्तर प्रदेश की जनता को सिर्फ और सिर्फ जातिवाद के तराजू से तोलते थे। जातिवाद की दृष्टि से देखते थे।
‘मोदी सरकार की नीतियों पर जनता ने लगाई मुहर’
इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज चुनाव के नतीजे जो भाजपा के पक्ष में एकतरफा आए हैं, उसकी विजय यात्रा के क्रम में इतनी बड़ी संख्या में आप सब लोग आए हैं। भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं की ओर से मैं प्रधानमंत्री का स्वागत और अभिनंदन करता हूं।उन्होंने कहा कि आज जो नतीजे आए हैं, जिसमें एकतरफा चार राज्यों की जनता का आशीर्वाद हमें मिला है।इसमें जो योगदान भारत की जनता ने किया है, वो बताता है कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा चलाए गए कार्यक्रम, उनके द्वारा चलाई गई नीतियों पर जनता ने मुहर लगाई है।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने भरपूर आशीर्वाद दिया है। हम दो तिहाई बहुमत की तरफ बढ़ रहे हैं।जो लोग वहां भय का वातावरण बनाते थे, वो आज खुद भयभीत हैं। इसके लिए हम योगी जी का भी धन्यवाद करते हैं।उन्होंने कहा कि जब जन कल्याणकारी योजनाओं के द्वारा किसी साधारण व्यक्ति का सशक्तिकरण होता है, तो वो साधारण व्यक्ति चुनाव में कमल के निशान पर बटन दबाता है।प्रधानमंत्री जी ने भारत की राजनीति की संस्कृति बदली है। अब रिपोर्ट कार्ड की राजनीति के आधार पर चुनाव लड़े जाते हैं। भाजपा ने उत्तर प्रदेश में दोबारा सत्ता में वापसी की है। अब तक आए नतीजों में राज्य की 403 विधानसभा सीटों में से भाजपा गठबंधन को 274 सीटें मिलती दिख रही हैं। जबिक उत्तराखंड में कुल 70 विधानसभा सीटों में से भाजपा 47 सीट पर जीत हासिल कर सकती है। इसी तरह गोवा की 40 सीटों में से भाजपा ने 20 सीट पर जीत दर्ज की है। मणिपुर में भी भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है।