महाराष्ट्र ।मुलताई के दांतोरा का एक परिवार महाराष्ट्र में कार समेत नदी में बह गया। पुलिस ने नदी से 3 शव निकाल लिए हैं। बाकी लोगों की तलाश जारी है। घटना का वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि कार में 8 लोग सवार थे। वहीं इस हादसे की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, दतोरा गांव का रहने वाला मधुकर परिवार पारिवारिक समारोह में शामिल होने महाराष्ट्र के नांदा गांव जा रहा था। तभी नागपुर-सावनेर हाईवे में नदी पर बने पुल से निकलते समय उनकी कार बह गई। पुल के ऊपर से पानी का बहाव तेज चल रहा था। इस कारण ड्राइवर संतुलन खो बैठा और कार नदी में बह गई।
स्थानीय पुलिस-प्रशासन ने रेस्क्यू कर 3 लोगों के शव बरामद कर लिए हैं। बाकी 5 लोगों की तलाश जारी है। नदी में बहने वालों में 3 महिलाएं, 4 पुरुष और एक बालक शामिल है। फिलहाल रेस्क्यू जारी है।