हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा । छत्तीसगढ़ सरकार ने स्वीकृत 23 हजार गौठान में नियम विरुद्ध तरीके से पंचायतों पर दबाव डालकर चौदहवें ,पन्द्रहवें एवं अन्य केंद्रीय मदों की राशि खर्च कर व्यापक पैमाने पर भ्रष्टाचार किया है।मवेशी भी खुलेआम सड़कों पर घूम रहे ,दुर्घटना का सबब बन रहे , हम इस मामले की जांच करवाएंगे। उक्त बातें केंद्रीय
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने हसदेव एक्सप्रेस के सवाल के जवाब देते हुए कही। केंद्रीय मंत्री श्री गिरिराज सिंह अपने दो दिवसीय दौरे के तहत शुक्रवार को प्रेस क्लब तिलक भवन में मीडिया से मुखातिब हुए।
केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्री सिंह ने पत्रकारों से परिचय उपरांत मोदी सरकार के 8 साल के विकास कार्यों के प्रमुख बिंदुओं का बखान किया। लेकिन पत्रकारों के सवालों के जवाब से बचते रहे। हसदेव एक्सप्रेस को जाते जाते उन्होंने राज्य सरकार के एनजीजीबी योजना के तहत पूरे प्रदेश में निर्मित 23 हजार गौठान को भ्रष्टाचार का केंद्र बताया। जहां केंद्रीय योजनाओं मदों के पैसों को लगाकर बंदरबाट किया गया है। प्रकरण में केंद्र से आवश्यक कार्रवाई संबंधी सवाल का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वे इस गम्भीर मामले की जांच कराएंगे। उन्होंने केंद्र में मोदी सरकार के 8 साल के दौरान हुए प्रमुख आर्थिक विकास की रिपोर्ट साझा की । जिसमें उन्होंने बताया कि जब से केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनी है इन 8 सालों में भारत का समूचे विश्व में आर्थिक मामलों में कद बढ़ा है। आर्थिक विकास की रफ्तार दोगुनी हो गई है। जब 2014 में मोदी सरकार सत्ता में आई उस वक्त देश का बजट 14 लाख करोड़ था जो आज बढ़कर 37.70 लाख करोड़ हो गया। वैश्विक आपदा के बीच इकॉनमी मजबूत हुई है। पूरे विश्व मे जहां 2010 में भारत दसवें स्थान पर था आज छठवें स्थान पर पहुंच गया।ग्लोबल जीडीपी में भी उछाल आया है पहले ये 2.6 प्रतिशत शेयर था जो आज बढ़कर 3.13 प्रतिशत हो गया। विदेशी कोष भी मजबूत हुई है। 2014 में जहां विदेशी कोष 300 मिलियन डॉलर था जो आज बढ़कर 607 मिलियन डॉलर पर पहुंच गया। यही कारण है कि दुनिया भर के इन्वेस्टर एफडीआई में भारत पर भरोसा जता रहे।जब सत्ता में आए तो 36 मिलियन डॉलर था आज 85 मिलियन डॉलर हो गया। 2014 में मर्चेंट एक्सपो ,सर्विस एक्सपो 19 लाख करोड़ था जो आज बढ़कर 52 लाख करोड़ से ऊपर पहुंच गया। ये सब उपलब्धि कोरोना जैसी वैश्विक आपदा के बीच मोदी सरकार ने हासिल की। लोगों की कोरोना से जान बचाने के साथ साथ 80 करोड़ गरीब परिवारों को गरीब कल्याण योजना के तहत चावल उपलब्ध कराया। संकट की घड़ी में पड़ोसी देशों को भी 50 करोड़ वैक्सीन की डोज उपलब्ध कराकर सामाजिक दायित्व का निर्वहन किया। उन्होंने कहा कि केंद्र ने पीएम आवास योजना के तहत 3.25 करोड़ गरीबों को पक्का आशियाना देने का लक्ष्य रखा था। 8 सालों में 3.17 करोड़ गरीबों का पक्का आशियाना बना दिया। 74 लाख पुराने आवास भी पूर्ण कराए। लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा दूसरा किश्त लेने से इंकार करने के कारण 11 लाख परिवारों का आशियाना अधूरा रह गया।छत्तीसगढ़ सरकार ने अन्य योजनाओं से भी गरीबों का आशियाना तैयार नहीं किया। मनरेगा में भी केंद्र ने 8 साल में रिकार्ड 22 हजार करोड़ से अधिक का काम देकर इतिहास रच दिया। 100 दिवस का रोजगार पूरा करने वाले परिवार के एक सदस्य को कौशल उन्नयन का निशुल्क ट्रेनिंग सरकार ने दी है।