छत्तीसगढ़ में धान खरीदी का आगाज,कोरबा में 3 नवंबर तक इंतजार, पहले दिन नहीं हुई बोहनी ,2 किसानों ने कटाए टोकन

कोरबा। मंगलवार से प्रदेश में धान खरीदी का आगाज हो गया। लेकिन जिले के 45 समितियों के 55 उपार्जन केंद्रों में बोहनी नहीं हो सकी। पसान एवं भिलाईबाजार समिति के उपार्जन केंद्रों से 2 किसानों ने 3 एवं 9 नवंबर को 20 क्विंटल धान बेचने टोकन कटवाया है। लिहाजा 3 नवंबर से ही जिले में धान खरीदी का शुभारंभ होगा।

यहां बताना होगा कि राज्य शासन ने विधानसभा चुनावी वर्ष से पूर्व खरीफ विपणन वर्ष 2022 -23 में किसानों को धान खरीदी का पर्याप्त अवसर देते हुए 1 नवंबर 2022 से 31 जनवरी 2023 तक धान खरीदी करने का ऐलान किया है।गत खरीफ विपणन वर्ष 2021 -22 में जिले के 41 समितियों के 55 उपार्जन केंद्रों ने 34 हजार 73 किसानों के माध्यम से 17 लाख 2 हजार 372 क्विंटल रिकार्ड रच दिया था। आदिवासी बाहुल्य कोरबा जिले को इस साल रिकार्ड 19 लाख क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य दिया गया है। जिले में इस साल कुल 46 हजार 295 कुल किसान पंजीकृत हैं। इनमें से 5 हजार 954 इस साल पंजीकृत हुए नए किसान शामिल हैं।कुल 61 हजार 774 .018 हेक्टेयर रकबा पंजीकृत है। इनमें 5 हजार 663.014 हेक्टेयर रकबा नए किसानों का पंजीकृत रकबा है। इस साल राज्य शासन ने कॉमन धान का दर 2040 रुपए प्रति क्विंटल तथा ग्रेड ए धान का दर 2060 रुपए निर्धारित किया है । इस बार भी 15 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से धान खरीदी होगी। हालांकि समर्थन मूल्य के ऊपर पिछले 3 खरीफ विपणन वर्ष से राज्य शासन राजीव किसान न्याय योजना के अंतर्गत अपने 2500 प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का वादा पूरा करने अंतर की राशि बोनस के तौर पर प्रदान करते आ रही है। लिहाजा इस साल भी किसानों को प्रति क्विंटल धान विक्रय करने पर 2500 रुपए भुगतान होने के आसार हैं । धान खरीदी से पूर्व समिति एवं एंड्रॉयड एप टोकन तुंहर हाथ के द्वारा खरीदी से पूर्व ऑनलाईन टोकन कटाए जाने का प्रावधान है। एक सप्ताह तक टोकन की वैधता रहती है। जिले में 3 एवं 9 नवंबर को धान बेचने 2 किसानों ने 20 क्विंटल का टोकन कटवाया है। पसान में समिति स्तर पर एक किसान ने 3 नवंबर को 12 क्विंटल एवं भिलाईबाजार में एक किसान ने टोकन एप के जरिए 9 नवंबर को 8 क्विंटल धान बेचने टोकन कटाया है। लिहाजा शुरुआती दो दिन बोहनी नहीं हो सकेगी।

फैक्ट फाईल

लक्ष्य -19 लाख क्विंटल

समिति 41

उपार्जन केंद्र 55

प्रस्तावित उपार्जन केंद्र -5

पुराने किसान -40 हजार 537

नए किसान -5 हजार 954

समर्थन मूल्य कॉमन धान -2040 रुपए प्रति क्विंटल

समर्थन मूल्य
ग्रेड ए धान का दर 2060