कोरबा। 12 जून को शहर के डीडीएम रोड में राम दरबार के ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारी हो चुकी है। इस दिन जिले और प्रदेशभर से बड़ी तादाद में लोगों के आने की संभावना है। प्राण प्रतिष्ठा में आने वाले शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद और विश्व विख्यात कथा वाचक जया किशोरी को सुनने जनसैलाब का उमड़ना तय है। इस दौरान शहर की बेतरतीब ट्रैफिक को संभालना और व्यवस्था देना पुलिस और प्रशासन के लिए एक चुनौती भरा काम होगा। आयोजन समिति ने अपनी ओर से एक रूट चार्ट जारी किया है। जिसके अनुसार ही लोगों से आयोजन स्थल तक पहुंचने की अपील की गई है

राम दरबार परिसर में ही जया किशोरी की सभा और सभी मुख्य आयोजन होंगे। आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए आयोजन समिति ने रूट चार्ट तैयार किया है। लोगों से अपील की जा रही है कि इसी रूट चार्ट के तहत ही आयोजन स्थल तक पहुंचे। जिससे कि किसी भी तरह की परेशानी से बचा जा सके।
आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए टीपी नगर स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम को मुख्य प्रवेश द्वार बनाया गया है। टीपी नगर से स्टेडियम की तरफ बढ़ते हुए स्टेडियम में प्रवेश का पहला द्वार आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए मुख्य प्रवेश द्वार होगा। जबकि दूसरे द्वार से लोग एग्जिट होंगे यह बाहर निकलने का मार्ग होगा। स्टेडियम के पीछे राजीव गांधी ऑडिटोरियम के बायीं ओर आयोजन स्थल तक पहुंचने का रास्ता बनाया गया है। यहां से कुछ कदम की दूरी पर आयोजन स्थल राम दरबार मौजूद है। स्टेडियम परिसर में राजीव गांधी ऑडिटोरियम के समीप फोर व्हीलर तो इसके ठीक सामने टू व्हीलर वाहनों के पार्किंग की व्यवस्था दी गई है।
डीडीएम रोड में लगेगा बैरिकेड, बुजुर्गों के लिए ई-रिक्शा की सुविधा
आयोजन में आने वाले लोगों की भीड़ अभी से ही बढ़ने लगी है। इसलिए सुनालिया चौक से शुरू होने वाले डीडीएम रोड पर बैरिकेड लगा दिया जाएगा। नाहर मार्ग में स्थित मल्टी लेवल पार्किंग में वाहन खड़ा कर डीडीएम रोड तक पहुंचा जा सकेगा। यहां बुजुर्गों के लिए ई-रिक्शा की व्यवस्था रहेगी। उधर इंदिरा स्टेडियम में भी ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है।इस मार्ग पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित होगा। राताखार की तरफ से भी डीडीएम रोड में वाहनों के प्रवेश की मनाही होगी। जिससे कि यहां जाम न लगे और लोग आयोजन स्थल तक सुगमता से पहुंच सकें।
कलश और निशान यात्रा के दिन व्यवस्था की परीक्षा
मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा की पूजा 8 जून से ही शुरू हो चुकी है। 11 जून को भव्य कलश यात्रा और निशान यात्रा का आयोजन किया गया है। जिसके लिए नगर निगम के अलग-अलग वार्ड से सैकड़ों यू बालिकाओं,महिलाओं को आमंत्रित किया गया है। इस दिन डीडीएम रोड में कलश यात्रा और निशान पदयात्रा का संयुक्त आयोजन होगा। 11 जून को ही जिलेभर से बड़ी तादाद में लोग राम दरबार पहुंचेंगे। इस दिन 12 जून को होने वाले मुख्य आयोजन का नमूना देखने को मिलेगा। भीड़ को नियंत्रित करना आयोजन समिति के साथ ही पुलिस और प्रशासन के लिए एक चुनौती भरा काम है। 11 जून को ही एक तरह से व्यवस्था की तैयारियों का ट्रायल हो जाएगा ।12 जून को होने वाले मुख्य आयोजन में ट्रैफिक को संभालने के काम में कितनी किस तरह की मुस्तैदी रहेगी। यह 11 जून को ही स्पष्ट तौर पर पता चल जाएगा।
2500 वर्ष पुराने चरण पादुका के भी कर सकेंगे दर्शन
2500 वर्ष पहले ईश्वर द्वारा जगद्गुरू आदि शंकराचार्य को पादुका प्राप्त हुई थी। पीढ़ी दर पीढ़ी यह पादुका हस्तांतरित होते हुए आज गुरू शंकराचार्य निश्चलानंद के पास है। इस पावन चरण पादुका को कोरबा के राम दरबार में लाया जा रहा है। 12 जून को प्राण प्रतिष्ठा के दिन यह खास चरण पादुका मंदिर में मौजूद होगी। भक्त इस चरण पादुका के भी दर्शन कर पुण्य प्राप्त कर सकेंगे। राम दरबार ट्रस्ट और राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने एक युग के इतिहास को अपने में समेटे हुए इस चरण पादुका के दर्शन की अपील भी की है।
8 जून से चल रही प्राण प्रतिष्ठा की पूजा
मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा की मुख्य पूजा 12 जून को संपन्न होगी। इसकी शुरुआत 8 जून से ही हो चुकी है। प्राण प्रतिष्ठा की विशेष पूजा के लिए 5 दिनों का विशेष अनुष्ठान किया जा रहा है। इसके लिए वृंदावन से प्रकांड पंडितों को बुलाया गया है। प्रत्येक दिन अलग-अलग अनुष्ठान किए जा रहे हैं। 8 जून को पूजा शुरू हुई है। इसके बाद 9 जून को प्रभु श्री राम की मूर्ति को चावल से ढक कर रखा गया है। इसी तरह प्रत्येक दिन विधि विधान से मंत्रोचार के साथ अनुष्ठान पूर्ण किया जा रहा है। 12 जून को शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती राम दरबार पहुंचेंगे। यहां वह धर्म सभा का आयोजन भी करेंगे।
जया किशोरी के सभा की खास तैयारी
12 जून को रामदरबार के प्राण प्रतिष्ठा की मुख्य पूजा संपन्न होने के बाद शाम को जया किशोरी की सभा का आयोजन किया गया है। विश्व विख्यात कथा वाचिका जया किशोरी श्रद्धालुओं को संबोधित करेंगी। इसके लिए शहरवासियों में खासा उत्साह है। सभी जया किशोरी को लाइव सुनने के लिए उत्सुक हैं। डीडीएम रोड स्थित राम दरबार परिसर में ही इसके लिए एक विशाल डोम खड़ा किया गया है। ताकि चिलचिलाती गर्मी से लोगों को राहत मिले, डोम को ठंडा रखने के लिए एयर कंडीशन और कूलर मौजूद रहेंगे। ताकि गर्मी के मौसम में भी लोग आराम से बैठकर जया किशोरी से कथा सुन सकें, उन्हें लाइव देख सकें। जया किशोरी की सभा में हजारों लोगों की भीड़ के आने की संभावना है। इसके लिए ट्रैफिक रूट चार्ट सहित अन्य सभी तैयारियां की गई हैं।
12 जून को मुख्य पूजा के साथ होंगे यह आयोजन
12 जून को प्रभु श्रीराम, जिले के राम मंदिर में विराजित होंगे। इसी दिन मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का मुख्य आयोजन सुबह 9:00 बजे कलश यात्रा के साथ शुरु होगा। श्री राम मंदिर तक कलश यात्रा के साथ निशान पदयात्रा का भी आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12:00 बजे से महाभंडारे की भी शुरुआत कर दी जाएगी। इसी दौरान दोपहर 1:40 बजे से 3:21 तक प्रभु श्री राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा की मुख्य पूजा का आयोजन होगा। प्राण प्रतिष्ठा पूजा के बाद शाम 5:00 बजे से विश्व विख्यात कथा वाचिका जया किशोरी कथा वाचन करेंगी। यह कार्यक्रम रात के 8:00 बजे तक लगातार चलता रहेगा।