रायपुर । छत्तीसगढ़ के नए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को मंत्रालय, महानदी भवन में विधिवत पूजा अर्चना कर कार्यभार सम्हाला। यह पहली बार हो रहा है कि मुख्यमंत्री ने कार्यभार ग्रहण करने के पूर्व विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की।



गौरतलब है कि मुख्यमंत्री श्री साय की धर्म में गहरी आस्था है। उन्होंने शपथ ग्रहण से पहले सुबह रायपुर स्थित अपने घर में पूजा-अर्चना की और रायपुर के भगवान जगन्नाथ मंदिर में भी पूजा अर्चना की थी।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री द्वय श्री अरुण साव और श्री विजय शर्मा भी उनके साथ थे।


मुख्यमंत्री श्री साय के मंत्रालय पहुंचने पर मुख्य सचिव श्री अमिताभ जैन, अपर मुख्य सचिव श्री सुब्रत साहू, पुलिस महानिदेशक श्री अशोक जुनेजा ने तथा छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेंद्र राजपूत, सचिव कांति सूर्यवंशी, पूर्व अध्यक्ष कीर्तिवर्धन उपाध्याय, इन्द्रभान जायसवाल ने उनका पुष्प गुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर संघ ने पूर्ववर्ती भाजपा शासनकाल की तरह यथा संभव मंत्रालय में नियमित बैठकर कार्य करने हेतु, मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्रियों से निवेदन किया । मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यभार सम्हालने के बाद अपने कार्यालय कक्ष में मंत्रालय के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से परिचय भी लिया। विभिन्न विभागों के सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को नए दायित्व के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।