मध्यप्रदेश । बहुचर्चित फिल्म- हनुमान अंश में मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान… गीत से चर्चा में आए दृष्टिबाधित बुंदेली लोक गायक सुनील लोधी के ठेठ ग्रामीण सुरों ने देश भर में नई पहचान स्थापित कर दी है। अब उनकी इसी पहचान ने आंखों में रोशनी की उम्मीद भी बढ़ा दी है। बहुचर्चित हिंदी फिल्म हनुमान अंश की निर्माता अनुप्रिया नागर उनके इलाज के लिए आगे आई हैं।
👉सीएम मोहन यादव भी दे चुके हैं मदद का भरोसा
पिछली मुलाकात में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी सुनील को इलाज में पूरी मदद उपलब्ध कराने का भरोसा दे चुके हैं। मध्य प्रदेश के सागर जिले के निवासी सुनील की ओर से बताया गया कि फिल्म निर्माता अनुप्रिया नागर ने उनके लिए मुंबई के एक नेत्र रोग विशेषज्ञ का अपाइंटमेंट लिया है।
👉विशेषज्ञ डॉक्टर करेंगे सुनील लोधी की आंखों की जांच

मुंबई पहुंचने के बाद विशेषज्ञ डॉक्टर उनकी आंखों की जांच करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही यह पता चल पाएगा कि उनकी दृष्टि में सुधार की कितनी संभावना है और उनके लिए कौन-से उपचार विकल्प उपलब्ध हो सकते हैं।
बचपन से ही दृष्टिबाधित सुनील ने अपनी कमजोरी को अपनी गायकी के रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया। उन्होंने बुंदेली लोक गायकी को अपनी पहचान बनाया। नीम करौली बाबा पर बनी हनुमान अंश फिल्म में उनकी आवाज में गाया गया भजन बेहद लोकप्रिय हो रहा है। गायन की ठेठ बुंदेली शैली ने उनको खास पहचान दिलाई।
