चंडीगढ़।पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने वाली अभिनेत्री और मॉडल सोनिया मान अब राजनीति के मैदान में अपनी किस्मत आजमाने जा रही हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए जारी अपनी दूसरी उम्मीदवार सूची में सोनिया मान को अमृतसर जिले की राजा सांसी विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। फिल्मी पर्दे से चुनावी अखाड़े तक का उनका यह सफर अब पंजाब की सियासत में नई चर्चा का विषय बन गया है।
लेकिन सोनिया मान की पहचान सिर्फ एक अभिनेत्री तक सीमित नहीं है। उनके जीवन की कहानी में पारिवारिक संघर्ष, पिता की हत्या का दर्द, सामाजिक सक्रियता, किसान आंदोलन और राजनीतिक विचारधारा से जुड़ाव के कई अध्याय शामिल हैं।
👉16 दिन की थीं जब सिर से उठ गया पिता का साया

सोनिया मान की जिंदगी का सबसे दर्दनाक अध्याय उनके पिता बलदेव सिंह मान की हत्या से जुड़ा है। उनके पिता वामपंथी विचारधारा से जुड़े किसान नेता और सामाजिक कार्यकर्ता थे। 26 सितंबर 1986 को उनकी हत्या कर दी गई थी।
सोनिया ने एक पुराने इंटरव्यू में बताया था कि जब उनके पिता की हत्या हुई, तब वह महज 16 दिन की थीं। उनके मुताबिक, उनके पिता की हत्या खालिस्तानी आतंकियों ने की थी। पिता की ओर से छोड़ी गई चिट्ठी और उनके विचार सोनिया के जीवन में प्रेरणा का बड़ा स्रोत रहे हैं।
सोनिया कई बार सार्वजनिक रूप से कह चुकी हैं कि वह अपने पिता के अधूरे सपनों और आम लोगों के अधिकारों के लिए आवाज उठाने की सोच से प्रभावित रही हैं।
👉मलयालम फिल्म से शुरू हुआ अभिनय का सफर
सोनिया मान ने साल 2012 में मलयालम फिल्म ‘हाइड एन सीक’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद उन्होंने पंजाबी और हिंदी फिल्मों में भी काम किया।
पंजाबी फिल्म ‘हानी’ में हरभजन मान के साथ उनकी भूमिका को पहचान मिली। इसके अलावा ‘बड़े चंगे ने मेरे यार कमीने’, ’25 किल्ले’ और ‘मोटर मित्रां दी’ जैसी फिल्मों में भी वह नजर आईं।
हिंदी फिल्म ‘कहीं है मेरा प्यार’ में जैकी श्रॉफ और संजय कपूर के साथ काम किया। वहीं हिमेश रेशमिया की फिल्म ‘हैप्पी हार्डी एंड हीर’ में हीर का किरदार निभाकर भी चर्चा बटोरी।
👉सिद्धू मूसेवाला से लेकर अमृत मान तक, म्यूजिक वीडियोज में भी पहचान
सोनिया मान ने पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में भी अपनी अलग पहचान बनाई। वह सिद्धू मूसेवाला के गाने ‘तोचन’, अमृत मान के ‘डिफरेंस’, जॉर्डन संधू के ‘तीजे वीक’, मनकीरत औलख के ‘चूड़हे वाली बाह’, रफ्तार के ‘रेडी फॉर माय व्याह’, गगन कोकरी के ‘लावां तेरे नाल’ और जस्सी गिल के ‘दिल दीवाना है’ जैसे म्यूजिक वीडियोज में नजर आ चुकी हैं।
यानी मनोरंजन की दुनिया में उन्होंने फिल्मों से लेकर पंजाबी म्यूजिक वीडियोज तक अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।
👉किसान आंदोलन से भी जुड़ा रहा सोनिया का नाम
सोनिया मान सिर्फ फिल्मी गतिविधियों तक सीमित नहीं रहीं। किसान आंदोलन के दौरान भी वह काफी सक्रिय दिखाई दीं। दिल्ली की सीमाओं पर चले किसान आंदोलन में उन्होंने किसानों के समर्थन में भागीदारी की थी।
जनवरी 2021 में किसान आंदोलन के दौरान अभिनेता दीप सिद्धू को लेकर दिए गए बयानों के बाद सोनिया ने जान से मारने की धमकियां मिलने का दावा भी किया था। उनके पिता की किसान और सामाजिक आंदोलनों से जुड़ी पृष्ठभूमि भी उनके सार्वजनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रही है।
👉अब राजा सांसी से चुनावी परीक्षा, पिता की विरासत बनेगी ताकत?

AAP ने सोनिया मान को अमृतसर जिले की राजा सांसी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाकर उनके राजनीतिक सफर को औपचारिक चुनावी मंच दे दिया है। पार्टी की दूसरी सूची में कुल 31 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। इसके साथ ही 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी अब तक 71 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या फिल्मों और किसान आंदोलन के जरिए पहचान बनाने वाली सोनिया मान चुनावी राजनीति में भी अपनी जगह बना पाएंगी? क्या पिता बलदेव सिंह मान के विचारों और सामाजिक संघर्ष की विरासत उन्हें जनता के बीच राजनीतिक ताकत देगी?
फिलहाल इतना तय है कि सोनिया मान के लिए यह सिर्फ एक चुनावी टिकट नहीं, बल्कि उनके सार्वजनिक जीवन का नया अध्याय है। पर्दे की पहचान अब जनता के बीच वोट में कितनी तब्दील होती है, इसका जवाब राजा सांसी के मतदाता देंगे।
