लुधियाना। एक 27 वर्षीय युवती अपनी मां से झगड़कर रेलवे स्टेशन पर पहुंची थी, जिसे दो युवकों ने बहाना बनाकर एक कमरे में ले गए और चाकू की नोक पर दुष्कर्म किया। पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और पुलिस को घटना की सूचना दी।
थाना डिवीजन नंबर सात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपितों की पहचान जमालपुर निवासी करण सहोता और ताजपुर रोड निवासी अजय कुमार उर्फ राजा के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा। इसके साथ ही पीड़िता का सिविल अस्पताल में मेडिकल परीक्षण भी कराया जाएगा। पीड़िता मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला मऊ थाना हलदलपुर क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है, लेकिन वह परिवार के साथ लंबे समय से लुधियाना में रहती है
उत्तर प्रदेश जाने के लिए पहुंची थी रेलवे स्टेशन 👇
पुलिस ने प्रेस कान्फ्रेंस में बताया कि पीड़िता वीरवार की रात अपने घर पर मोबाइल देख रही थी, जिस पर उसकी मां ने उसे डांट दिया। इस झगड़े के बाद युवती रेलवे स्टेशन पहुंच गई, जहां वह उत्तर प्रदेश जाने वाली ट्रेन के बारे में जानकारी ले रही थी।
वहां दोनों आरोपित उसकी मदद करने का बहाना बनाकर उसके पास आए। उन्होंने कहा कि रात में कोई ट्रेन नहीं है और उसे वापस लौटने के लिए कहा। इसके बाद आरोपितों ने उसे यह कहकर धोखे में डाल दिया कि वे उसे घर छोड़ देंगे।
आरोपितों ने जान से मारने की दी धमकी👇

पीड़िता का आरोप है कि वह उनकी बातों में आ गई और आरोपित उसे अपनी बाइक पर बैठाकर गुरु रामदास नगर ताजपुर रोड स्थित एक कमरे में ले गए। वहां उन्होंने उसके साथ मारपीट की और चाकू की नोक पर दुष्कर्म किया।
इसके बाद आरोपित धमकियां देते हुए मौके से फरार हो गए। शुक्रवार की सुबह, पीड़िता किसी तरह अपने घर पहुंची और अपने परिवार को इस घटना के बारे में बताया। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने पीड़िता द्वारा बताए गए स्थान पर जांच की और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।