कलेक्टर श्री सिंह ने किया शहरी गौठान का निरीक्षण ।
रायगढ़ शहरी गौठान में शीघ्र गोधन न्याय योजना प्रारंभ करें। वर्मी पिट निर्माण को पूरा कर कंपोस्ट निर्माण को जल्द शुरू करायें। यहां अधिक संख्या में पशु है तथा वन क्षेत्र होने से अच्छी क्वालिटी का बायोमॉस उपलब्ध है जिससे उत्तम गुणवत्ता का वर्मी कंपोस्ट तैयार होगा। जिसके विक्रय से शहरी गौठान स्वावलंबी होगा। भविष्य में यहां बड़े स्तर पर बायोगैस संयंत्र तथा बॉटलिंग प्लांट स्थापित करने की भी योजना है। उक्त बातें कलेक्टर श्री भीम सिंह संबलपुरी स्थित शहरी गौठान के निरीक्षण के दौरान कही।
उन्होंने गौठान में बछड़ों को शेड में रखने की व्यवस्था के निर्देश दिये। उनके चारा व पानी के लिये पृथक से व्यवस्था करने व देखभाल के लिये अलग से चरवाहा तैनात करने के निर्देश दिये। आज गौठान में पशुपालन विभाग द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया था। कलेक्टर श्री सिंह ने पशुओं के टीकाकरण की जानकारी ली। उन्होंने गौठान में पशुपालन विभाग के एक कर्मचारी की स्थायी रूप से ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने गौठान के बाउण्ड्रीवाल को मजबूती से तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने गौठान में तैयार किये जा रहे चारागाह की जानकारी ली। बताया गया कि चारागाह के लिये 5 एकड़ भूमि चिन्हांकित की गई है वहां तक जल आपूर्ति की सुविधा भी जल्द तैयार हो जायेगी। जिसके पश्चात प्लांटेशन कर चारागाह तैयार किया जायेगा। जिससे पशुओं के लिये हरा चारा प्राप्त होगा। गौठान में सूखा चारा की पर्याप्त व्यवस्था है। चारे के दाने भी उपलब्ध करवाये जा रहे है। उन्होंने गौठान में बाउण्ड्री वाल को मजबूती से तैयार करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि पशुओं के चारे व देखरेख के लिये सामाजिक सहयोग भी ले सकते है। गौठान में कोटने की संख्या बढ़ाने के लिये कहा। कलेक्टर श्री सिंह गौठान में बनाये जा रहे मल्टी एक्टिविटी सेंटर्स का भी जायजा लिया।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत सुश्री ऋचा प्रकाश चौधरी, नगर निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय, उप संचालक पशुपालन डॉ.पाण्डेय सहित नगर निगम व पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।