पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुदुच्चेरी में विधानसभा चुनावों का हुआ ऐलान, मार्च व अप्रेल में मतदान व 2 मई को मतगणना

नई दिल्ली . शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा द्वारा पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुदुच्चेरी में विधानसभा चुनावों की तारीखों का ऐलान किया गया। असम की 126 सीटों के लिए में 3 फेज में चुनाव होंगे। पहले चरण के तहत मतदान 27 मार्च को होगा। एक अप्रेल को दूसरे एवं 6 अप्रेल को तीसरे चरण के लिए मतदान होगा।

तमिलनाडु की 234, केरल की 140 एवं केन्द्र शासित प्रदेश पुदुच्चेरी की 30 विधानसभा सीटों के लिए में एक ही चरण में 6 अप्रेल को चुनाव होंगे। पश्चिम बंगाल की 294 सीटों के लिए 8 फेज में चुनाव होंगे। 27 मार्च को पहले फेज के तहत मतदान होगा। इसके बाद क्रमशः 1, 6, 10, 17, 22, 26, 29 अप्रेल को मतदान होंगे। सभी राज्यों की मतगणना 2 मई को होगी।

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि असम में 2016 विधानसभा चुनाव में 24,890 चुनाव केंद्र थे, 2021 में चुनाव केंद्रों की संख्या 33,530 होगी। तमिलनाडु में 2016 विधानसभा चुनाव में 66,007 चुनाव केंद्र थे, 2021 में चुनाव केंद्रों की संख्या 88,936 होगी। केरल में पहले 21,498 चुनाव केंद्र थे, अब यहां चुनाव केंद्रों की संख्या 40,771 होगी। पश्चिम बंगाल में 2016 में 77,413 चुनाव केंद्र थे अब 1,01,916 चुनाव केंद्र होंगे।