Bisleri की बोतलबंद पानी पर फिर उठे सवाल! बंगाल प्लांट के सैंपल में मिले कोलीफॉर्म बैक्टीरिया,FSSAI ने लिया बड़ा एक्शन…

एजेंसी। देश के बड़े पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर ब्रांड बिसलेरी की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित कंपनी के प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने की बात सामने आई है।

शुरुआती जांच के बाद रेफरल लैब ने भी इसकी पुष्टि की। अब भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण यानी FSSAI ने इस मामले में कंपनी के खिलाफ अभियोजन यानी कानूनी कार्रवाई शुरू करने की मंजूरी दे दी है।

यह कुछ ही दिनों में बिसलेरी के खिलाफ दूसरी ऐसी कार्रवाई है। इससे पहले गोवा के एक प्लांट से लिए गए सैंपल को भी जांच में असुरक्षित पाया गया था। लगातार दो मामलों के सामने आने से पैकेज्ड पानी की क्वालिटी और कंपनियों की जांच व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

👉बंगाल में किस बैच के पानी पर हुई कार्रवाई?

यह मामला पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के टेलीपारा गांव में स्थित बिसलेरी प्लांट से लिए गए सैंपल का है। जांच में पानी के अंदर कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पाए गए। इसकी पुष्टि पहली जांच करने वाली लैब के साथ रेफरल लैब ने भी की। कोलीफॉर्म बैक्टीरिया ऐसे सूक्ष्मजीवों का समूह है, जो पानी में सीवेज के रिसाव, खराब पाइप या दूसरी वजहों से पहुंच सकते हैं। इनकी मौजूदगी पानी की स्वच्छता पर सवाल खड़े करती है।

इस मामले में FSSAI ने 12 अगस्त 2026 को बैच नंबर PB 201 की बिक्री पर रोक लगा दी थी। अब इसी मामले में बिसलेरी इंटरनेशनल के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी गई है। यहां एक बात समझना जरूरी है। कार्रवाई का संबंध फिलहाल जांच में फेल हुए खास बैच से है। इसका मतलब यह नहीं है कि बिसलेरी के सभी उत्पादों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है।

👉गोवा के मामले में भी फेल हुआ था पानी का सैंपल

बंगाल से पहले गोवा में बिसलेरी के एक प्लांट से लिए गए पानी के सैंपल पर भी एफएसएसएआई ने कार्रवाई की थी। वहां शुरुआती जांच में पानी में ब्रोमेट की मात्रा तय सीमा से ज्यादा मिली थी। इसके बाद सैंपल को खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत असुरक्षित घोषित किया गया।

कंपनी ने इस जांच के नतीजे को चुनौती दी और सैंपल को रेफरल लैब भेजा गया। लेकिन दूसरी जांच में भी पानी को सुरक्षित नहीं पाया गया। इस बार उसमें पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई। इसके बाद एफएसएसएआई ने इस मामले में भी अभियोजन की मंजूरी दी। बिसलेरी ने पहले कहा था कि उसके उत्पाद पीने के लिए सुरक्षित हैं और वह नियामक के साथ सहयोग करेगी।

👉पूरे देश में पैकेज्ड पानी की जांच तेज

बिसलेरी के इन मामलों के बीच FSSAI ने देशभर में पैकेज्ड ड्रिंकिंग वॉटर और मिनरल वॉटर कंपनियों की जांच बढ़ा दी है। नियामक अलग-अलग राज्यों से पानी के सैंपल जुटा रहा है। इनकी लैब जांच पूरी होने में एक से दो महीने लग सकते हैं।

FSSAI के सीईओ राजित पुनहानी ने हाल ही में बताया कि यह अभियान सिर्फ किसी एक कंपनी या घटना को ध्यान में रखकर नहीं चलाया जा रहा है। नियामक पहले डेयरी, मीट, अंडे, अनाज और एनर्जी ड्रिंक्स जैसी कैटेगरी की भी जांच कर चुका है। उन्होंने साफ किया कि इस कार्रवाई का मकसद कंपनियों से नियमों का पालन कराना है, लोगों में डर फैलाना नहीं।

FSSAI ने राज्य के खाद्य आयुक्तों और क्षेत्रीय निदेशकों को भी पैकेज्ड पानी बनाने वाली कंपनियों के यहां निरीक्षण, निगरानी और सैंपलिंग बढ़ाने को कहा है। फिलहाल बंगाल और गोवा के मामलों में कंपनी के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। बिसलेरी और एफएसएसएआई की ओर से ताजा बंगाल मामले पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं थी।