CGPSC अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर हाईकोर्ट सख्त, सरकार ने दिया 2 सप्ताह में नियुक्ति का भरोसा…

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) में लंबे समय से खाली अध्यक्ष के पद को लेकर हाईकोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। चीफ जस्टिस कृष्णराम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने अध्यक्ष की नियुक्ति में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी दी है कि आदेश का पालन नहीं होने पर कानून के मुताबिक सख्त कार्रवाई की जा सकती है। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से हाईकोर्ट को बताया गया कि आयोग के अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। सरकार ने भरोसा दिलाया कि अगले दो सप्ताह के भीतर अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी जाएगी।

मामले की सुनवाई के दौरान मनोचिकित्सक विशेषज्ञों के पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू कराने में हो रही देरी का मुद्दा भी उठाया गया। याचिकाकर्ता की ओर से कोर्ट को बताया गया कि नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति में यदि समय लग रहा है तो इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया जा सकता है। गौरतलब है कि हाईकोर्ट ने 26 अक्टूबर 2026 को इस मामले में निर्देश जारी करते हुए आयोग और राज्य सरकार को 10 दिन का समय दिया था। कोर्ट ने कहा था कि अध्यक्ष या कार्यवाहक अध्यक्ष की नियुक्ति कर इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसके बावजूद अब तक नियुक्ति को लेकर कोई ठोस प्रगति सामने नहीं आई।

👉14 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई

हाईकोर्ट ने CGPSC और राज्य सरकार को 14 दिसंबर 2026 को होने वाली अगली सुनवाई में नियुक्ति की प्रगति रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं। कोर्ट ने उम्मीद जताई है कि अगली सुनवाई तक आयोग को नियमित या कार्यवाहक अध्यक्ष मिल जाएगा। ऐसा नहीं होने पर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। सुनवाई के दौरान CGPSC की ओर से कुछ दस्तावेज भी पेश किए गए, जिन्हें हाईकोर्ट ने रिकॉर्ड पर लिया है। अब अगली सुनवाई में यह स्पष्ट होगा कि सरकार अपने दो सप्ताह के भीतर नियुक्ति के आश्वासन को पूरा कर पाती है या नहीं।