KORBA : परिसीमन की आहट कोरबा में भी खिसकेगी नेताओं की जमीन ,देश में 50% तक बढ़ सकती हैं लोकसभा-विधानसभा सीटें, छत्तीसगढ़ में 90 से 135 विधानसभा सीटों का अनुमान…

कोरबा। देश में अगले चुनाव से पहले परिसीमन की तैयारी ने अब कोरबा जिला व लोकसभा की राजनीति में भी हलचल बढ़ा दी है। केंद्रीय कैबिनेट से परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन की प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद संभावित नए चुनावी नक्शे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सीटों की संख्या बढ़ने के साथ केवल नए निर्वाचन क्षेत्र ही नहीं बनेंगे, बल्कि कई मौजूदा नेताओं की राजनीतिक जमीन भी खिसकेगी और नए दावेदारों के लिए सियासत के दरवाजे खुलेंगे। कोरबा जिले में विधानसभा सीट 4 से बढ़ कर 6 होने के आसार हैं। लोकसभा में शामिल 8 विधानसभा का दायरा सिमट सकता है।

प्रस्तावित व्यवस्था में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की सीटों में करीब 50 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रावधान है। सरकार का बड़ा उद्देश्य 2029 के आम चुनाव से महिलाओं के लिए लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का रास्ता तैयार करना है। इसके लिए परिसीमन जरूरी है। इसी प्रक्रिया के तहत निर्वाचन क्षेत्रों का नया स्वरूप तय किया जाएगा।

👉छत्तीसगढ़ में 135 विधानसभा सीटों का अनुमान

छत्तीसगढ़ में वर्तमान में 90 विधानसभा और 11 लोकसभा सीटें हैं। सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के प्रस्ताव के हिसाब से प्रदेश में विधानसभा की संख्या बढ़कर 135 तक पहुंच सकती है। लोकसभा सीटों की संख्या भी मौजूदा 11 से बढ़कर करीब 16-17 होने का अनुमान है। साथ ही मौजूदा सीटों की सीमाएं भी पुनर्गठित होंगी। हालांकि नई सीटों की वास्तविक संख्या, सीमा और आरक्षण की स्थिति परिसीमन आयोग की औपचारिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।

👉कोरबा में भी बदल सकता है पूरा चुनावी गणित

कोरबा जिले में वर्तमान में कोरबा, रामपुर, कटघोरा और पाली-तानाखार 4 विधानसभा क्षेत्र हैं। परिसीमन के बाद इन क्षेत्रों के भूगोल में बदलाव की संभावनाओं ने स्थानीय राजनीति को गुलाबी ठंड में गर्म कर दिया है।

राजनीतिक हलकों में संभावित नक्शे को लेकर एक चर्चा यह है कि कोरबा, रामपुर और कटघोरा विधानसभा क्षेत्रों के कुछ हिस्सों को अलग कर ‘कोरबा ग्रामीण’ नाम से नई विधानसभा सीट बनाई जा सकती है। इसी तरह मौजूदा पाली-तानाखार क्षेत्र से पाली को अलग विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित किए जाने की संभावना भी चर्चा में है।

हालांकि यह अभी कोई आधिकारिक परिसीमन प्रस्ताव नहीं है। अंतिम रूप से कौन सा क्षेत्र किस विधानसभा में शामिल होगा, नई सीट का नाम क्या होगा और कौन सी सीट सामान्य या आरक्षित होगी, यह परिसीमन आयोग ही तय करेगा।

👉लोकसभा की सीमा बदली तो कई समीकरण उलटेंगे

परिसीमन का असर विधानसभा तक सीमित नहीं रहेगा बल्कि लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ने की स्थिति में कोरबा लोकसभा क्षेत्र का मौजूदा स्वरूप भी बदल सकता है। वर्तमान संसदीय क्षेत्र में शामिल 8 विधानसभा क्षेत्रों में फेरबदल हो सकता है और नए संसदीय क्षेत्र बनने से पूरा चुनावी भूगोल बदल सकता है।

यही बदलाव मौजूदा सांसदों और विधानसभा दावेदारों के लिए सबसे बड़ा राजनीतिक सवाल है। जिस इलाके में किसी नेता की वर्षों से पकड़ रही है, परिसीमन के बाद वही इलाका दूसरे निर्वाचन क्षेत्र में चला गया तो राजनीतिक समीकरण भी बदल जाएंगे।

👉नई सीटों की उम्मीद में दावेदारों की नजर

परिसीमन की प्रक्रिया अभी शुरुआती चरण में है, लेकिन संभावित नई सीटों ने दावेदारों को सक्रिय कर दिया है। नई विधानसभा सीटों के संभावित क्षेत्रों में राजनीतिक पकड़ मजबूत करने की कवायद शुरू होने के साथ पुराने नेताओं के सामने अपनी जमीन बचाने की चुनौती भी खड़ी हो सकती है।

किस गांव और क्षेत्र को किस विधानसभा में रखा जाएगा, कौन सी सीट सामान्य रहेगी और किसे एससी-एसटी के लिए आरक्षित किया जाएगा…? इन सवालों का जवाब अभी बाकी है। लेकिन राजनीतिक पंडितों और संभावित दावेदारों ने अपना-अपना गणित बैठाना शुरू कर दिया है।

👉30 नवंबर से विशेष सत्र, आगे बढ़ेगी प्रक्रिया

परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक को आगे बढ़ाने के लिए संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से प्रस्तावित है। सरकार के सामने इसे दोनों सदनों से पारित कराने की चुनौती होगी। परिसीमन की प्रक्रिया आगे बढ़ने पर जनगणना के आंकड़ों और निर्धारित संवैधानिक प्रावधानों के आधार पर नए निर्वाचन क्षेत्रों का निर्धारण किया जाएगा। फिलहाल, तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है, लेकिन परिसीमन की आहट ने कोरबा में राजनीतिक भविष्य की चर्चाओं को जरूर तेज कर दिया है। अगर प्रस्तावित बदलाव लागू होते हैं तो आने वाले समय में कोरबा में केवल सीटों की संख्या नहीं बदलेगी, बल्कि कई नेताओं की राजनीतिक जमीन खिसकेगी, नए चेहरे उभरेंगे और चुनावी समीकरण नए सिरे से लिखे जाएंगे। सबकी नजरें विशेष सत्र और परिसीमन पर टिकी हुई हैं।