कोरबा। शहर में शनिवार तड़के एक टायर दुकान में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। दुकान के बाहर रखे टायरों में अचानक आग भड़क उठी और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्काल आग बुझाने का प्रयास किया और किसी तरह उस पर काबू पाया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
👉महाराणा प्रताप चौक पर हुई घटना

जानकारी के मुताबिक, यह घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र के महाराणा प्रताप चौक की है। यहां मो. नौशाद की अब्दुल्ला टायर दुकान संचालित है। शनिवार सुबह करीब साढ़े 3 बजे दुकान के बाहर रखे टायरों में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
👉80 हजार से 1 लाख रुपये तक नुकसान की आशंका
दुकान में आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर काबू पाने की कोशिश की। घटना में किसी के हताहत होने की जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, दुकान संचालक को करीब 80 हजार से 1 लाख रुपये तक का आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
👉असामाजिक तत्वों पर आग लगाने का शक
दुकान संचालक ने आशंका जताई है कि इस घटना को असामाजिक तत्वों ने अंजाम दिया हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
