KORBA : धान खरीदी अभियान: बीत रहा पहला पखवाड़ा ,18 केंद्रों को बोहनी का इंतजार,55 उपार्जन केंद्रों में 650 किसानों ने बेचा 5 करोड़ के 20 हजार क्विंटल से अधिक धान ,स्वीकृति एवं फंड के इंतजार में अभी तक संग्रहण केंद्र में नहीं हो सके आवश्यक इंतजाम ,खरीदी बढ़ते ही उपार्जन केंद्रों में धान जाम होने के आसार!

हसदेव एक्सप्रेस न्यूज कोरबा। धान खरीदी अभियान का पहला पखवाड़ा बीतने को है । जिले के 60 समितियों के 18 उपार्जन केंद्रों में अभी तक बोहनी (धान खरीदी ) का इंतजार है तो वहीं 55 धान उपार्जन केंद्रों के 650 किसानों ने 20 हजार 400 क्विंटल समर्थन मूल्य पर 4 करोड़ 97 लाख 97 हजार 376.40 रुपए के धान की आवक हो चुकी है। लेकिन जिले के प्रस्तावित संग्रहण केंद्रों में अभी तक धान के भंडारण के लिए तैयारियां नहीं हो सकी है। मार्कफेड को इसके लिए स्वीकृति एवं फंड आबंटन का इंतजार है।मार्कफेड की अनदेखी से पखवाड़े भर बाद खरीदी की रफ्तार बढ़ते ही उपार्जन केंद्रों में धान जाम होने के हालात निर्मित हो सकते हैं।

यहाँ बताना होगा कि गत वर्ष कस्टम मिलिंग उपार्जन आदेश के तहत डीओ जारी के बाद भी समय पर उपार्जन केंद्रों से धान का उठाव नहीं होने एवं रिसाइक्लिंग के लगातार मामलों से शासन की कस्टम मिलिंग नीति सवालों के घेरे में आ गई थी। जिसे दृष्टिगत रखते हुए चालू खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी अभियान समाप्त होने के उपरांत ही कस्टम मिलिंग के लिए पंजीकृत अनुबंधित राइस मिलरों को खाद्य विभाग मार्कफेड से डीओ जारी होंगे। इसके लिए सभी जिलों में प्रस्ताव अनुरूप दूरस्थ ,हाथी प्रभावित वनांचल क्षेत्रों के धान का प्राथमिकता से निराकरण करने संग्रहण केंद्र के प्रस्ताव मंगाए गए हैं। आकांक्षी जिला कोरबा जिले में भी उरगा एवं कटघोरा क्षेत्र में संग्रहण केंद्र प्रस्तावित हैं। उरगा के लिए करतला विकासखण्ड के ग्राम पंचायत पठियापाली के आश्रित ग्राम मौहार में संग्रहण केंद्र खोले जाने जिला प्रशासन द्वारा मार्कफेड मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। यहाँ सड़क मार्ग से लगे 20 -25 एकड़ उपयुक्त शासकीय भूमि उपलब्ध है।

वहीं कटघोरा क्षेत्र के लिए ढपढप समेत अन्य गांवों में उपयुक्त विवाद रहित स्थल की तलाश जारी है। लेकिन स्वीकृति से लेकर संग्रहण केन्द्रों में धान के भंडारण के लिए आवश्यक तैयारियां (फड़ की साफ- सफाई,लाइट,ड्रेनेज ,सुरक्षा हेतु फेसिंग ,सीसीटीवी ,कर्मचारियों की व्यवस्था ) नहीं हो सकी हैं।

👉खरीदी आवक बढ़ते ही बढ़ेगी परेशानी !

कायदे से इस वर्ष धान खरीदी अभियान शुरू होने के साथ ही साथ संग्रहण केंद्रों में आवश्यक तैयारियां कर लिया जाना चाहिए था। ताकि धान खरीदी अभियान के दौरान धान की आवक बढ़ने के साथ साथ समितियों में खरीदे गए और बफर लिमिट से अधिक संग्रहित धान संग्रहण केंद्रों तक पहुंचाया जा सके । लेकिन इस साल कोरबा जिले में धान खरीदी का पहला पखवाड़ा बीतने को है अभी तक न स्वीकृति मिली है न सँग्रहण केंद्रों में धान के भंडारण हेतु आवश्यक तैयारियां हुई है। मार्कफेड के अधिकारियों की मानें तो स्वीकृति के साथ ही आबंटन जारी होगा फिर सप्ताहांत तक आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी । वैसे भी जिले में उरगा व कटघोरा क्षेत्र में 7 से 8 लाख क्विंटल क्षमता के ही संग्रहण केंद्र प्रस्तावित हैं। जबकि जिले में 31 लाख 16 हजार क्विंटल धान खरीदी का लक्ष्य है। ऐसे में संग्रहण केंद्रों में 50 फीसदी धान का ही भंडारण होगा। उसमें भी हाथी प्रभावित व दूरस्थ केंद्रों के धान को प्राथमिकता मिलेगी। मैदानी क्षेत्रों के उपार्जन केंद्रों में आवक बढ़ते ही परेशानी बढ़ने के आसार हैं। वैसे भी मार्कफेड अभी कटघोरा क्षेत्र में विवादित भूमि मिलने की वजह से 5 से 6 गांव के स्थल देखने के बाद भी चिन्हाकन नहीं कर पाया है।ऐसे में कटघोरा क्षेत्र के संग्रहण केंद्र की स्वीकृति तैयारी में विलंब होना तय है।

👉इन 18 केंद्रों को बोहनी का इंतजार

जिले के 60 समितियों के 55 धान उपार्जन केंद्रों में 650 किसानों ने 20 हजार 400 क्विंटल समर्थन मूल्य पर 4 करोड़ 97 लाख 97 हजार 376.40 रुपए के धान की आवक हुई है। वहीं 18 उपार्जन केंद्रों में बोहनी तक नहीं हुई है। इन धान उपार्जन केंद्रों में करतला,कोथारी,कोरकोमा ,
चिकनीपाली ,तुमान, तिलकेजा ,पुरैना ,फरसवानी,
बेहरचुवाँ , बोईदा, मदवानी,मोरगा, रामपुर,चिर्रा, लेमरू, सुखरीकला ,दादरखुर्द एवं सोनपुरी शामिल हैं ।

वर्जन

पठियापाली का भेजा है प्रस्ताव स्वीकृति आबंटन का इंतजार, कटघोरा क्षेत्र के लिए कर रहे तलाश

पठियापाली के मौहार में संग्रहण केंद्र खोले जाने प्रस्ताव भेजा जा चुका है। स्वीकृति फंड आबंटन उपरांत आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। कटघोरा क्षेत्र के लिए ढपढप समेत 5 गांवों के स्थलों का निरीक्षण किए हैं । उपयुक्त शासकीय भूमि उपलब्ध नहीं होने एवं अशासकीय भूमि विवादित असुरक्षित मिलने की वजह से तलाश पूरी नहीं हो सकी है। शीघ्र उपयुक्त स्थल का चिन्हांकन कर मुख्यालय को प्रस्ताव भेजेंगे।

ऋतुराज देवांगन ,डीएमओ कोरबा