CG : पुलिस के संरक्षण में चल रहा था जुआ ,खुलासे के बाद SP का एक्शन ,TI -SI समेत 5 पुलिसकर्मी सस्पेंड,मचा हड़कम्प …

सूरजपुर । सूरजपुर जिले में पुलिस के संरक्षण में जुए का फड़ संचालित होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जुआ के अवैध कारोबार को कथित संरक्षण देने के मामले में एसपी ने एक्शन लिया है। एसपी योगेश कुमार पटेल ने प्रतापपुर थाना प्रभारी समेत एक निरीक्षक, एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई प्रतापपुर बस स्टैंड के पास जुआ फड़ पर जिला स्तरीय पुलिस टीम की छापेमारी के बाद की गई।

दरअसल, 27 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को प्रतापपुर थाना क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआ संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसपी ने जिला स्तरीय पुलिस टीम गठित कर प्रतापपुर बस स्टैंड के पास दबिश देने के निर्देश दिए। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 99 हजार 600 रुपये नकद, 52 पत्ती ताश और सात मोबाइल फोन जब्त किए। इसके अलावा जुए से संबंधित चालान और अन्य सामग्री भी बरामद की गई।

कार्रवाई के बाद जुआ फड़ के संचालन और उसे कथित संरक्षण मिलने को लेकर स्थानीय पुलिसकर्मियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई। जानकारी के मुताबिक, प्रतापपुर निवासी जयभगवान अग्रवाल पर स्थानीय पुलिसकर्मियों के साथ कथित मिलीभगत कर जुआ खिलवाने का आरोप है। जांच के दौरान प्रतापपुर थाने में पदस्थ कुछ अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका प्रथम दृष्टया संदिग्ध पाई गई। आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से जुआ फड़ संचालित होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

👉TI-SI समेत पांच पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी योगेश कुमार पटेल ने प्रतापपुर थाना प्रभारी समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित करने का आदेश जारी किया। निलंबित पुलिसकर्मियों में एक निरीक्षक (TI), एक उप निरीक्षक (SI) और तीन आरक्षक शामिल हैं। जुआ फड़ पर छापेमारी के बाद स्थानीय पुलिसकर्मियों पर हुई इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हलचल है। फिलहाल मामले में आगे की जांच और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जारी रहने की संभावना है।