CG : खरसिया रेंज के जंगल में हुआ बेबी एलिफेंट का जन्म,2 माह में जंगल में आया तीसरा नया मेहमान ,वन अमले में हर्ष …..

रायगढ़ । जिले के जंगलों में एक बार फिर से बेबी एलीफेंट का जन्म होनें से हाथी प्रभावित गांव के ग्रामीणों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। रायगढ़ में दो माह के भीतर 03 बेबी बेबी एलीफेंट का जन्म हो चुका है। वन विभाग की टीम हाथियों के इस दल पर नजर बनाये हुए है।

मिली जानकारी के मुताबिक खरसिया रेंज के अंतर्गत आने वाले जोबी परिसर के काफरमार के जंगल में शनिवार की सुबह 3 बजे एक मादा हाथी ने बेबी एलीफेंट को जन्म दिया। गांव के ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में हाथी दो दलों में विचरण कर रहे हैं पहले दल में 48 हाथी हैं तो दूसरे दल में 09 हाथी विचरण कर रहे हैं और 48 हाथियों के दल में से ही एक मादा हाथी ने आज तड़के शावक को जन्म दिया है। गांव के ग्रामीणों ने यह भी बताया कि 48 हाथियों का यह छल पिछले दिनों घरघोड़ा रेंज से छाल रंेज पहुंचा है इससे पहले इसी दल में से एक मादा हाथी ने घरघोड़ा रेंज में भी एक बेबी एलीफेंट का जन्म दिया था।

👉2 माह में 3 बेबी एलीफेंट का जन्म

विदित रहे कि धरमजयगढ़ वनमंडल के बाकारूमा रेंज के धवराभांठा बीट में 20 अगस्त की सुबह 3 बजे आसपास मादा हाथी ने शावक को जन्म दिया था। वहीं गणेश चतुर्थी के अवसर पर भी घरघोड़ा परिक्षेत्र में 2 सितंबर की सुबह एक मादा हाथी ने एक स्वस्थ शावक को जन्म दिया था। वहीं अब खरसिया रेंज के जोबी परिसर में भी एक मादा हाथी ने एक शावक को जन्म दिया है।

👉 ग्रामीणों में भी खुशी

गांव के ग्रामीण बताते हैं कि उनका गांव हाथी प्रभावित क्षेत्र में आता है। जहां रोजाना हाथियों का दल उनकी फसलों को नुकसान पहुंचाते हैं। बीती रात भी गांव के करीब हाथियों के दल के पहुंचने पर उन्होंने हाथियों को भगाया था। लेकिन आज सुबह जैसे ही उन्हें पता चला पास के गांव में मादा हाथी ने बेबी एलीफेंट को जन्म दिया और वे उनके गाँव पहुंचे हैं उसके बाद से गांव में खुशी की लहर है। नवरात्रि के समय हाथी शावक के जन्म को गांव के ग्रामीण शुभ संकेत भी मान रहे हैं।

👉10 किसानों की फसलों को नुकसान

छाल रेंज के बंगरसुता में हाथियों का दो दल विचरण कर रहा है। जिसमें एक दल में जहां 09 हाथी है तो दूसरे दल में 48 हाथियों की मौजूदगी है। हाथियों के इस दल ने बंगुरसूता गांव में 10 किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचाया है। वन विभाग की टीम नुकसान का आंकलन करते हुए हाथियों के दल पर नजर बनाये हुए है।
खरसिया रेंज से बंगरसूता पहुंचा दल
इस मामले में जानकारी देते हुए वन विभाग की बीट गार्ड ने बताया कि बीती रात खरसिया रेंज के काफरमार बीट में मादा हाथी ने शावक को जन्म दिया है उसके बाद से हाथियों का यह दल बंगरसुता बीट में आया हुआ है। वन विभाग की टीम इस दल पर नजर बनाये हुए है।