छत्तीसगढ़: किशोरी के साथ गैंग रेप, 5 नाबालिग सहित छह आरोपी गिरफ़्तार

भिलाई नगर,  27 फरवरी। थाना नेवई क्षेत्र के अंतर्गत 2 दिन पहले 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक बलात्कार करने वाले सभी छह आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों में 5 नाबालिग हैं।

नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर आरके जोशी ने बताया कि घटना 25 फरवरी की दोपहर 12 बजे की है जिसकी रिपोर्ट  कल  रात परिजनों के साथ पहुंचकर पीडि़ता किशोरी ने की थी।

पुलिस के मुताबिक नेवई थाना क्षेत्र निवासी पीडि़ता को उसी मोहल्ले के नाबालिग आरोपी के द्वारा घर पर झाड़ू मारने के लिए 25 फरवरी को बुलाया गया था। पीडि़ता दोपहर को 12 बजे पहुंची थीं। इस दौरान आरोपी नाबालिग के 5 नाबालिग साथी एवं एक बालिग राजकुमार यादव 32 वर्ष भी  घर पर उपस्थित था। पीडि़ता के पहुंचते ही  सामूहिक रूप से आरोपियों के द्वारा उसके साथ बलात्कार किया गया। इस घटना के बाद पीडि़ता गुमसुम अपने घर चली गई थी।

मजदूरी कर वापस देर रात्रि लौटे अपने माता-पिता को भी वह घटना के संबंध में नहीं बता सकी। दूसरे दिन 26 फरवरी को भी रोज की तरह पीडि़ता के परिजन काम पर चले गए। रात्रि 8 बजे लौटने पर किशोरी के द्वारा किसी प्रकार आप बीती से माता-पिता को अवगत कराया। माता-पिता को जानकारी होने पर परिजन, परिचितों को साथ लेकर नेवई थाने पहुंचे और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। नेवई पुलिस के द्वारा सामूहिक बलात्कार के सभी 6 आरोपियों के खिलाफ धारा 342, 376 डीए, 506, पॉक्सो एक्ट 5 जी, 6  के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया।
 
सीएसपी आरके जोशी ने बताया कि देर रात 1 बजे सभी छह आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया। इसमें पांच आरोपी नाबालिग हैं। जिनकी उम्र 13, 14, 15  एवं 16 साल के करीब है। जबकि एक बालिग आरोपी में राजकुमार यादव (32 वर्ष) भी नेवई थाना क्षेत्र का रहने वाला है।