कोरबा । कोरबा कलेक्टर की कार्यशैली को लेकर उठे विवाद के बीच अब आम आदमी पार्टी (AAP) भी खुलकर पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर के समर्थन में उतर आई है। पार्टी के प्रदेश संगठन महासचिव उत्तम जायसवाल ने रायपुर में कंवर जी से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और कहा कि “भ्रष्टाचार के विरुद्ध इस लड़ाई में हम कंवर जी के साथ हैं।

”उत्तम जायसवाल ने बताया कि ननकीराम कंवर ने उन्हें कलेक्टर के विरुद्ध प्रस्तुत सभी दस्तावेज और प्रमाण दिखाए। उन्होंने कहा कि वही ननकीराम कंवर हैं जिन्होंने कांग्रेस शासनकाल में पीएससी घोटाले को उजागर कर जनता के सामने लाया था। उस समय उनके प्रयासों से जांच बैठी और कार्रवाई हुई। आज जब वही नेता भाजपा शासन में भ्रष्टाचार को लेकर आवाज उठा रहे हैं, तो सरकार उन्हें नजरबंद कर रही है — यह लोकतंत्र के लिए बेहद गंभीर विषय है। आप नेता ने कहा कि भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार एक ओर भ्रष्ट अफसरों को संरक्षण दे रही है, वहीं दूसरी ओर अपनी ही पार्टी के वरिष्ठ नेता की बात सुनने से इंकार कर रही है। उन्होंने कहा, जब खुद के पूर्व गृहमंत्री को मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना देना पड़ रहा है और मुख्यमंत्री मौन हैं, तो आम जनता की सुनवाई की उम्मीद कैसे की जा सकती है। जायसवाल ने आरोप लगाया कि डीएमएफ फंड की बंदरबांट बड़े पैमाने पर की जा रही है। अधिकारी योजनाबद्ध तरीके से इस राशि का दुरुपयोग कर रहे हैं, जबकि जिले में विकास कार्यों की स्थिति बदहाल है। उन्होंने कहा कि ननकीराम कंवर ने अपने कार्यकाल में ईमानदारी की मिसाल कायम की। वे चाहते तो अकूत संपत्ति अर्जित कर सकते थे, पर उन्होंने सदैव पारदर्शिता और निष्ठा के साथ कार्य किया।उत्तम जायसवाल ने कहा कि पार्टी के पास अब कोरबा कलेक्टर की कार्यशैली से संबंधित पर्याप्त दस्तावेज मौजूद हैं। इस विषय पर आम आदमी पार्टी की प्रदेश कमेटी जल्द ही रणनीतिक निर्णय लेगी। इस मौके पर ननकीराम कंवर से मुलाकात करने वालों में प्रदेश संगठन महासचिव उत्तम जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, प्रदेश संगठन मंत्री आनंद सिंह और आज़ाद बक्स शामिल रहे।