कवर्धा। कवर्धा जिले में पुलिस ने रिहायशी इलाके में लंबे समय से संचालित हो रहे देह व्यापार के अड्डे का खुलासा करते हुए बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत घुघरी रोड स्थित अटल आवास के पास एक मकान में चल रहे सेक्स रैकेट पर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से छापा मारकर 3 युवतियों और 1 दलाल को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

पुलिस प्रशासन को बीते कुछ समय से मुखबिरों के माध्यम से लगातार सूचनाएं मिल रही थीं कि उक्त क्षेत्र में अनैतिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कबीरधाम पुलिस ने विशेष टीम गठित की। पुलिसकर्मियों ने सिविल ड्रेस में दो दिनों तक इलाके में रेकी की और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस टीम ने बताए गए मकान पर अचानक दबिश दी। छापे के दौरान मौके से एक दलाल और तीन युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में हिरासत में लिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह रैकेट सुनियोजित तरीके से संचालित किया जा रहा था और आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगने दी जा रही थी। पकड़े गए सभी आरोपियों को सिटी कोतवाली थाने लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह रैकेट कब से संचालित हो रहा था और इसमें और कितने लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि इस तरह की अवैध गतिविधियां सामाजिक माहौल (Sex Racket Busted) को खराब करती हैं और शहर की शांति भंग करती हैं। ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए राहत की सांस ली है।
