CG : राजधानी में सनी लियोनी नाइट DJ पार्टी शुरू होने से पहले उठे विरोध के स्वर, पोस्टर में ‘लड़कियों की फ्री एंट्री’ की घोषणा को लेकर बजरंग दल ने जताया कड़ा ऐतराज ,दी चेतावनी

रायपुर। सनी लियोनी के नाम से प्रचारित नाइट डीजे पार्टी फिर से विवादों में घिर गई है। आयोजन से जुड़े दूसरे पोस्टर के सामने आने के बाद विरोध के सुर तेज हो गए हैं। इस पोस्टर में ‘लड़कियों की फ्री एंट्री’ की घोषणा को लेकर बजरंग दल ने कड़ा ऐतराज जताया है और इसे समाजिक व सांस्कृतिक मूल्यों के खिलाफ बताया है।

👉22 फरवरी को रामा वर्ल्ड में प्रस्तावित आयोजन

जानकारी के अनुसार, यह नाइट डीजे पार्टी 22 फरवरी को रामा वर्ल्ड में आयोजित की जानी है। आयोजकों ने पहले ही सनी लियोनी के शामिल होने की घोषणा कर दी थी। इसी घोषणा के बाद से ही कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा होता रहा है। पहले पोस्टर के बाद अब दूसरा पोस्टर भी विरोध की आग में घी डालने का काम कर रहा है।

👉बजरंग दल का विरोध

बजरंग दल ने खास तौर पर पोस्टर में दी गई “लड़कियों की फ्री एंट्री” की घोषणा पर आपत्ति जताई। संगठन का कहना है कि यह महिलाओं को आकर्षित करने और कार्यक्रम को भड़काऊ बनाने की कोशिश है। उनका आरोप है कि इससे युवाओं को गलत दिशा में ले जाने और सामाजिक मर्यादाओं पर असर पड़ने का खतरा है।

संगठन ने कहा कि सनी लियोनी के नाम से जुड़े इस नाइट डीजे पार्टी का स्वरूप अश्लीलता को बढ़ावा देने वाला है और यह भारतीय संस्कृति व परंपराओं के खिलाफ है। बजरंग दल ने प्रशासन से मांग की है कि आयोजन की अनुमति पर पुनर्विचार किया जाए और जरूरत पड़ने पर कार्यक्रम को रद्द किया जाए।