CG : SIR के 98 प्रतिशत नोटिसों की सुनवाई पूरी, 21 को होगा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन …

रायपुर। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी के आधार पर प्रदेश में मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन—एसआईआर) 2026 की प्रक्रिया तेज़ी से आगे बढ़ रही है।एसआईआर के तहत ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन 23 दिसंबर 2025 को किया गया था।

इसके बाद 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक दावा एवं आपत्ति की अवधि निर्धारित की गई थी। वर्तमान में प्राप्त दावों और आपत्तियों पर सुनवाई एवं दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया जारी है, जो 14 फरवरी 2026 तक पूर्ण की जाएगी। निर्वाचन विभाग के अनुसार अब तक राज्य भर में जारी किए गए लगभग 98 प्रतिशत नोटिसों की सुनवाई पूरी कर ली गई है।

गणना चरण के दौरान जिन मतदाताओं के नाम वर्ष 2003 की विशेष गहन पुनरीक्षण मतदाता सूची से मेल नहीं खा पाए, उन्हें संबंधित विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) द्वारा नियमानुसार दस्तावेज़ प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किए गए। सुनवाई के दौरान भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 13 दस्तावेज़ों में से आवश्यक दस्तावेज़ों का परीक्षण किया गया, जिसके आधार पर नाम जोड़ने या विलोपन का निर्णय लिया जा रहा है।

दावा-आपत्ति अवधि के दौरान पात्र मतदाताओं ने नाम जोड़ने के लिए प्रपत्र-6, विवरण संशोधन हेतु घोषणा पत्र सहित प्रपत्र-8 तथा नाम विलोपन या आपत्ति के लिए घोषणा पत्र सहित प्रपत्र-7 प्रस्तुत किए। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधानसभा स्तर पर ईआरओ द्वारा साप्ताहिक बैठकें आयोजित कर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूची साझा की गई।

निर्वाचन विभाग ने बताया कि सभी दावों एवं आपत्तियों के निस्तारण के पश्चात 21 फरवरी 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। एसआईआर के दौरान प्राप्त दावा-आपत्तियों की सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, छत्तीसगढ़ की आधिकारिक वेबसाइट ceocg.gov.in पर उपलब्ध है।