CG : मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह में मंत्री खुशवंत की शादी पर मंत्री राजवाड़े की चुटकी , ” अभी लड़की नहीं ढूंढ पाई हूँ ,नहीं तो यही करा देते शादी ” मची ठहाके…

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज एक ऐतिहासिक और भावनात्मक पल देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित राज्य स्तरीय सामूहिक विवाह कार्यक्रम में प्रदेशभर के 6,412 से अधिक जोड़े एक साथ विवाह के पवित्र बंधन में बंधे। यह भव्य आयोजन रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में संपन्न हो रहा है, जहां सुबह से ही उत्साह, उमंग और पारिवारिक माहौल देखने को मिला।

इस विशेष अवसर के साक्षी खुद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बने। मुख्यमंत्री ने मंच से नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और कहा कि सरकार की यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक मजबूत सहारा बन रही है। मुख्यमंत्री कार्यक्रम के दौरान 1,316 जोड़ों को प्रत्यक्ष रूप से आशीर्वाद देंगे, जबकि शेष जोड़े प्रदेश के विभिन्न जिलों से ऑनलाइन माध्यम से इस आयोजन से जुड़े हैं।

कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी शामिल हुईं। उन्होंने सरकार की पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना समाज में समानता और सम्मान के साथ विवाह की परंपरा को आगे बढ़ा रही है। मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा, “आज इस मंच पर हजारों नए जोड़े अपनी नई जिंदगी की शुरुआत कर रहे हैं। हमारी कोशिश रहेगी कि आने वाले समय में इस आयोजन को और अधिक व्यवस्थित और बेहतर बनाया जाए।”

कार्यक्रम के दौरान माहौल उस समय और खुशनुमा हो गया, जब मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कैबिनेट मंत्री खुशवंत साहेब की शादी को लेकर हल्की-फुल्की चुटकी ली। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि अभी उनके लिए लड़की ही नहीं खोजी गई है, नहीं तो उनकी शादी भी इसी मंच पर करवा दी जाती। मंत्री की इस टिप्पणी पर मंच और दर्शक दीर्घा में ठहाकों की गूंज सुनाई दी।

वहीं रायपुर पश्चिम विधायक सुनील सोनी ने भी मजाकिया अंदाज में कहा कि भारतीय जनता पार्टी में अभी कई नेता ऐसे हैं, जिन्होंने शादी नहीं की है और भविष्य में उनके लिए भी ऐसे ही सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किए जाएंगे। उनके बयान से कार्यक्रम का माहौल और भी हल्का-फुल्का और जीवंत हो गया।

सरकारी जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत प्रत्येक विवाहित जोड़े को 35 हजार रुपये की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। इसके अलावा 15 हजार रुपये उपहार सामग्री और विवाह आयोजन पर खर्च किए जाएंगे, जिससे कुल सहायता राशि महत्वपूर्ण रूप से नवदंपतियों के भविष्य को सशक्त बनाने में मदद करेगी।

इस राज्य स्तरीय कार्यक्रम से बलौदाबाजार, धमतरी, दुर्ग, महासमुंद और राजनांदगांव जिलों के जोड़े ऑनलाइन माध्यम से जुड़े हैं। सभी जोड़ों का विवाह विभिन्न धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया जा रहा है, ताकि हर समुदाय की भावनाओं और संस्कारों का सम्मान किया जा सके।

कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम पूरी तरह मुस्तैद नजर आई। यह आयोजन न सिर्फ सामाजिक समरसता का प्रतीक बना, बल्कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों का जीवंत उदाहरण भी प्रस्तुत करता नजर आया।