T-20 World cup 2026 : बारिश की भेंट चढ़ा जिम्बाब्वे – आयरलैंड मैच ,ग्रुप स्टेज से ही बाहर हुई ऑस्ट्रेलिया ,पहली बार सुपर – 8 में जिम्बाब्वे ने बनाई जगह ,विश्वकप के इतिहास में दूसरी बार कंगारुओं का ग्रुप स्टेज में ही टूटा गुरुर …

खेल । T-20 वर्ल्ड कप 2026 में ऑस्ट्रेलिया को बारिश ने करारा झटका दिया है. लगातार बारिश की वजह से जिम्बाब्वे और आयरलैंड का मैच बिना टॉस के रद्द हो गया है. इसके साथ ही जिम्बाब्वे की टीम सुपर-8 में क्वालीफाई कर गई है, और ऑस्ट्रेलिया 2026 टी20 वर्ल्ड कप के लीग स्टेज से ही बाहर हो गया है. 2009 टी20 विश्व कप के बाद ऐसा पहली बार हुआ है, जब ऑस्ट्रेलियाई टीम लीग स्टेज से ही टूर्नामेंट से बाहर हुई है.

जिम्बाब्वे और आयरलैंड का मैच ऑस्ट्रेलिया के लिए काफी महत्वपूर्ण था, लेकिन बारिश की वजह से यह मैच रद्द करार दे दिया गया है. पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में यह मुकाबला खेला जाना था, लेकिन सुबह से ही पल्लेकेले में बारिश हो रही थी. मैच के समय लगातार मूसलाधार बारिश हुई और करीब ढाई घंटे के इंतजार के बाद मैच रद्द घोषित कर दिया गया.

अगर जिम्बाब्वे आज हारती तो फिर ऑस्ट्रेलिया की सेमीफाइनल की उम्मीदें बनी रहती. कंगारू टीम आज आयरलैंड की जीत की दुआ कर रही थी. हालांकि, बारिश ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया. जिम्बाब्वे ने इस टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन किया है. सिकंदर रजा की टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर विश्व कप का सबसे बड़ा उलटफेर किया था. जिम्बाब्वे से हारने के बाद कंगारू सोमवार को श्रीलंका से भी हार गए थे. अब ऑस्ट्रेलिया की टीम टूर्नामेंट से बाहर हो गई है.

👉पहली बार सुपर – 8 में पहुंची जिम्बाब्वे

जिम्बाब्वे की टीम पहली बार टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 में पहुंची है. इससे पहले जिम्बाब्वे 2022 टी20 विश्व कप में सुपर-12 में गया था. 2026 टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 स्टेज की बात करें तो जिम्बाब्वे सातवीं टीम है, जो क्वालीफाई हुई है. इससे पहले भारत, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और न्यूजीलैंड की टीमें सुपर-8 में जा चुकी थीं. अब लास्ट स्पॉट के लिए पाकिस्तान और यूएसए में जंग है. अगर पाक टीम अपना लास्ट लीग मैच हार जाती है तो फिर वो भी टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी.