CG : जिला जेल की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध , 4 विचाराधीन बंदी फरार ,कंबल के सहारे फांदी दीवार …

महासमुंद । महासमुंद जिला जेल से अज सोमवार तड़के चार विचाराधीन बंदियों के फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना सुबह करीब 4 बजे की बताई जा रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बंदियों ने जेल की दीवार पर प्रवाहित बिजली का कनेक्शन काटने के बाद कंबलों को आपस में बांधकर रस्सी बनाई। इसके सहारे वे जेल की दीवार से दूसरी तरफ पार कर फरार हो गए। घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फरार बंदियों की तलाश शुरू कर दी गई है।

जानकारी के मुताबिक जेल ब्रेक की ये घटना आज तड़के 4 बजें की बतायी जा रही है। एएसपी महासमुंद सुशील नायक के मुताबिक, बंदियों ने जेल की दीवार पर लगे विद्युत कनेक्शन को काटने के बाद कंबलों को जोड़कर रस्सी जैसा बनाया। इसके सहारे वे दीवार पर चढ़े और दूसरी तरफ उतरकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि इस दौरान पांचवां बंदी भी भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह दीवार से नीचे गिर गया। लिहाजा चार बंदी जेल से बाहर निकलने में सफल रहे। फरार हुए चार बंदियों में दो मध्यप्रदेश के जबलपुर, एक राजस्थान और एक महासमुंद जिले का रहने वाला बताया गया है। इनमें तीन बंदी गांजा तस्करी और एक चोरी के मामले में विचाराधीन थे।

जेल की दीवार पर बिजली का कनेक्शन काटना, कंबलों से रस्सी तैयार करना और फिर दीवार पार कर बाहर निकल जाना, इस पूरी घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच का विषय है कि बंदियों ने भागने की योजना कब बनाई और सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्हें इसे अंजाम देने का मौका कैसे मिला। एएसपी सुशील नायक ने बताया कि फरार बंदियों की तलाश की जा रही है। पुलिस और जेल प्रशासन उनकी खोजबीन में जुटे हैं। सुरक्षा में हुई संभावित चूक की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्य सामने आ सकेंगे।