CG : राज्य सभा की रिक्त 2 सीटों पर 16 को होगी चुनाव , भाजपा -कांग्रेस दोनों को एक एक सीट मिलने के आसार ,स्थानीय नेता को भेजे जाने की उठ रही मांग ! क्या संज्ञान लेगा हाईकमान ?….

रायपुर। छत्तीसगढ़ से राज्य सभा की रिक्त हो रही 2 सीटों के लिए चुनावों की घोषणा कर दी गई है। ये चुनाव 16 मार्च सोमवार को होंगे। इसके लिए नामांकन 26 फरवरी से 5 मार्च तक होंगे। यह सीटें कांग्रेस के केटीएस तुलसी और फूलोदेवी नेताम का कार्यकाल खत्म होने की वजह से हो रहें हैं। विधानसभा में सदस्य संख्या को देखते हुए इस बार न‌ए चुनाव में एक एक सीट भाजपा, कांग्रेस को मिलेगी।

कांग्रेस से वरिष्ठ वकील केटीएस तुलसी के फिर छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में जाने की संभावना नहीं है। उनके बदले एक और बड़े वकील अभिषेक मनु सिंघवी के नाम की अभी से चर्चा हो रही है। अभिषेक मनु सिंघवी, तेलंगाना से राज्यसभा सदस्य हैं। उनका भी कार्यकाल खत्म हो रहा है।

तेलंगाना के कई नेता सिंघवी के बजाए स्थानीय नेता को ही राज्यसभा में भेजे जाने के लिए दबाव बनाए हुए हैं। ऐसे में सिंघवी के लिए छत्तीसगढ़ से राज्यसभा में जाने का विकल्प है। सिंघवी छत्तीसगढ़ के प्रमुख कांग्रेस नेताओं का केस लड़ चुके हैं।

हालांकि यहां भी कांग्रेस में स्थानीय नेता को ही राज्यसभा में भेजे जाने की वकालत की जा रही है। कुछ नेता आने वाले दिनों में इस सिलसिले में पार्टी हाईकमान से चर्चा भी कर सकते हैं।

दूसरी तरफ, भाजपा में यह तय है कि किसी स्थानीय को ही राज्यसभा में भेजा जाएगा। कई हारे हुए बड़े नेता इसके लिए प्रयासरत हैं। कुल मिलाकर आने वाले दिनों में राज्यसभा चुनाव को लेकर हलचल रहेगी।