KORBA : कृषक उन्नति योजना: किसानों के चेहरे पर आएगी मुस्कान, होली के पहले 28 को जिले के 43 हजार 681 किसानों को 200.81 करोड़ की बोनस राशि का होगा भुगतान, विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रम की तैयारी में जुटा प्रशासन …

कोरबा । शनिवार का दिन छत्तीसगढ़ के 25 लाख 28 हजार अन्नदाताओं के लिए होली से पहले खुशियों की दस्तक लेकर आ रही है। कृषक उन्नति योजना के तहत इन किसानों के खाते में 28 फरवरी की दोपहर तक बैंक खातों में धान की अंतर राशि (बोनस) का सीधे भुगतान कर दिया जाएगा। 10 हजार करोड़ की बड़ी राशि इन किसानों के खाते में DBT के माध्यम से हस्तांतरित की जाएगी।लाभान्वित होने वाले किसानों में आकांक्षी जिला कोरबा के 43 हजार 681 किसान शामिल हैं। जिनके खाते में 200 करोड़ 81 लाख 31 हजार की राशि उनके खाते में आएगी। बोनस की इस राशि का वितरण राज्य एवं विकासखण्ड स्तर पर उत्सवों का आयोजन कर जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया जाना है। जिसकी आकांक्षी जिला कोरबा में कवायद शुरू कर दी गई है।

गौरतलब हो कि छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में
1 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की गई। किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी का वादा कर सत्ता में आई सत्तारूढ़ भाजपा शासित साय सरकार में किसानों को 2369 रुपए समर्थन मूल्य की दर से इस साल धान खरीदी की गई। शेष 731 रुपए के अंतर की राशि अब उनके खाते में बोनस के रूप में अंतरित की जाएगी। कृषक उन्नति योजना के तहत 28 फरवरी को उक्त राशि सीधे किसानों के बैंक खाते में सीधे डीबीटी के जरिए भुगतान करने की आधिकारिक घोषणा की गई है।पूरे प्रदेश में 25 लाख 28 हजार पंजीकृत किसान इससे लाभान्वित होंगे।
जिनके खाते में 10 हजार 324 करोड़ से अधिक की बड़ी राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खाते में अंतरित की जाएगी। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में 25 लाख से अधिक पंजीकृत किसानों से 141 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड धान खरीदी की गई है।पूरे प्रदेश में इसके लिए एक राज्य स्तरीय व सभी जिलों में विकाखण्ड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में 20 हजार किसान एवं विकाखण्ड स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में 2 हजार किसानों के आगमन संभावित है।

👉आकांक्षी जिला कोरबा में 43 हजार 681 किसानों को 200.81 करोड़ का होगा भुगतान

कृषक उन्नति योजना के तहत आकांक्षी जिला कोरबा में इस साल समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले जिले के 41 समितियों के अंतर्गत 65 उपार्जन केंद्रों के 43 हजार 681 किसानों को 200 करोड़ 81 लाख 31 हजार की राशि (बोनस)का भुगतान डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में होगा।जिले में इस साल कुल 27 लाख 47 हजार 101 क्विंटल धान की समर्थन मूल्य पर खरीदी हुई है। बरपाली (बरपाली)उपार्जन केंद्र में किसानों को सबसे अधिक 6 करोड़ 45 लाख का बोनस बंटेगा । ब्रांच में भी बरपाली ही सिरमौर है जहाँ सबसे अधिक किसान धान की खरीदी होने की वजह से 71 करोड़ 84 लाख 80 हजार की बोनस राशि बंटेगी।

👉अर्थव्यवस्था को मिलेगी गति

इस भुगतान व्यवस्था से अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। कृषक उन्नति योजना के तहत अब तक कुल भुगतान का आंकड़ा 35 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा।”गौरतलब हो शादी ब्याह के सीजन में बोनस की राशि का आना कृषक परिवारों के लिए सौगात से कम नहीं। यही नहीं वे बोनस की राशि का सदुपयोग अपने कृषि संबंधी आवश्यकताओं की पूर्ति में कर सकेंगे।

👉 विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रम सदभावना भवन करतला में होगा आयोजित

कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रम सद्भावना भवन करतला में आयोजित किया जाएगा। जनपद सीईओ वैभव कौशिक के नेतृत्व में अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की सहभागिता से आयोजन को गरिमामय एवं भव्यता के साथ संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा अन्य जनपद पंचायतों में भी आयोजन की भव्य तैयारी की जा रही है।

👉भुगतान पाने के लिए जरूरी शर्तें

किसानों को सलाह दी गई है कि वे राशि प्राप्त करने हेतु निम्नलिखित तकनीकी पहलुओं की जांच कर लें:
बैंक खाता आधार (Aadhaar) से अनिवार्य रूप से लिंक हो।
धान बिक्री का पंजीकरण विवरण पूरी तरह सही होना चाहिए।
मोबाइल नंबर अपडेट रखें ताकि भुगतान का SMS प्राप्त हो सके।

👉पुलिस की अपील: “सजग कोरबा” अभियान के तहत सतर्कता जरूरी

पुलिस ने ‘सजग कोरबा’ अभियान के तहत किसानों के लिए सुरक्षा एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने गांव-गांव में प्रचार-प्रसार करते हुए अपील की है कि:

👉अकेले न जाएं: बैंक से बड़ी राशि निकालते समय साथ में कम से कम दो भरोसेमंद व्यक्तियों को जरूर रखें।

👉सावधानी बरतें: किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में न आएं और संदिग्ध व्यक्ति दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

👉नशे से दूर रहें: राशि लेकर लौटते समय शराब का सेवन कर वाहन न चलाएं, यह जानलेवा हो सकता है।