CG : बिल्हा में ACB की बड़ी कार्रवाई , SBI में 2 करोड़ से अधिक की राशि का गबन करने वाली महिला कैशियर को किया गिरफ्तार ,महकमे में मचा हड़कम्प ….

रायपुर-बिलासपुर । स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की बिल्हा शाखा में 2 करोड़ से अधिक के गबन के मामले में एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला कैशियर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी कैशियर ने बैंक के अन्य कर्मचारियों के साथ मिलकर 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार 600 रुपये का गबन किया था।

यह कार्रवाई शाखा प्रबंधक, बिल्हा (जिला बिलासपुर) की शिकायत पर की गई। शिकायत राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण/एंटी करप्शन ब्यूरो मुख्यालय रायपुर में दर्ज कराई गई थी।

👉19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच हुआ गबन

शिकायत के अनुसार, 19 दिसंबर 2024 से 2 जनवरी 2025 के बीच बैंक की बिल्हा शाखा में कैशियर और अन्य कर्मचारियों ने पद का दुरुपयोग करते हुए बैंक रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ की। इस दौरान 2,06,37,600 रुपये की राशि का गबन किया गया, जिससे बैंक को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।

👉भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज

एसीबी ने 19 जनवरी 2026 को तत्कालीन कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा और अन्य आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित 2018) की धारा 13(1)(A), 13(2) तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 318(4), 61(2), 338, 336(3), 340(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
बैंक द्वारा की गई विभागीय जांच में भी कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा और अन्य कर्मचारियों द्वारा आर्थिक अनियमितता और गबन की पुष्टि हुई थी।

👉गोपनीय सूचना पर गिरफ्तारी

एसीबी बिलासपुर की टीम पिछले कुछ दिनों से आरोपी कैशियर की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि तेजवथ थीरापतम्मा बिल्हा स्थित एसबीआई शाखा में गुप्त रूप से आने वाली है। सूचना के आधार पर एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से मोबाइल फोन जब्त किया गया है, जिसे जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है।

👉विशेष न्यायालय में पेशी

गिरफ्तार कैशियर को बिलासपुर स्थित विशेष न्यायालय में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।