T20 Worldcup 2026 2nd semifinal : वानखेड़े में फिर चला संजू ,बुमराह शो, इंग्लैंड को रोमांचक मैच में 7 रनों से शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार व रिकार्ड चौथी बार फाइनल में पहुंचा भारत ,8 मार्च को न्यूजीलैंड से होगा खिताबी मुकाबला …..

मुंबई। भारत ने अंतिम गेंद तक चली दूसरे सेमीफाइनल की रोमांचक मैच में इंग्लैंड को 7 रनों से हराकर T20 World cup 2026 के फाइनल में जगह बना ली है. भारत लगातार दूसरी बार व रिकार्ड चौथी बार फाइनल में पहुंचा है.भारत की जीत में बल्लेबाजी में जहाँ 42 गेंदों में 89 रनों की पारी खेलने वाले संजू सैमसन हीरो रहे वहीं गेंदबाजी में 4 ओवर में महज 33 रन देकर कप्तान हैरी ब्रूक का अहम विकेट चटकाने वाले जसप्रीत बुमराह गेंदबाजी में हीरो रहे। संजू प्लेयर ऑफ द मैच रहे
इसी के साथ टीम इंडिया ने फाइनल जगह बना ली है और अब खिताबी भिड़ंत में उसका सामना 8 मार्च को अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में न्यूजीलैंड से होगा.

जैकब बैथेल ने ऐतिहासिक शतकीय पारी खेली, लेकिन इंग्लैंड को चौथी बार फाइनल में नहीं ले जा पाए. भारत टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में चौथी बार फाइनल में पहुंचा है.

मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 253 रन बना डाले थे. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 246 रन बना पाई और 7 रनों से मैच हार गई. इस पूरे मैच में कुल 499 रन बने.

👉2 ओवरों ने पलट दी बाजी

254 रनों के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करने आई इंग्लैंड ने 17 ओवरों में 209 रन बना लिए थे. उसे अंतिम 3 ओवरों में 45 रन बनाने थे. जैकब बैथेल और सैम कर्रन सेट हो चुके थे और इंग्लैंड की जीत पूरी तरह मुमकिन नजर आ रही थी.

इसी बीच 18वें ओवर में जसप्रीत बुमराह अपने स्पेल का आखिरी ओवर करने आए. इस ओवर में उन्होंने सिर्फ 6 रन दिए और यहीं से मैच का रुख भारत की ओर मुड़ चुका था. अब सबकी नजरें हार्दिक पांड्या पर थीं. 19वें ओवर में हार्दिक गेंदबाजी करने आए और पहली ही गेंद पर बैथेल ने सिक्स लगा दिया. इंग्लैंड वापसी के मूड में लग रही थी, लेकिन तीसरी गेंद पर हार्दिक ने सैम कर्रन को आउट कर दिया. अब 9 गेंदों में इंग्लैंड को 32 रन बनाने थे.

हार्दिक ने अगली 3 गेंदों में सिर्फ 2 रन दिए और इस ओवर में सिर्फ 9 रन आए. बुमराह और हार्दिक के 2 ओवरों में सिर्फ 15 रन आने से इंग्लैंड पूरी तरह मैच से बाहर हो चुका था. बाकी काम शिवम दुबे ने कर दिया, जिन्होंने 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर जैकब बैथेल को 105 के स्कोर पर आउट कर दिया.

👉सैमसन-बुमराह चमके

बल्लेबाजी में संजू सैमसन ने भारत के लिए 89 रनों की पारी खेली थी, उनके अलावा शिवम दुबे ने 43 रन और ईशान किशन ने भी 39 रनों का योगदान दिया था. सभी ने मिलकर टीम इंडिया को 253 के स्कोर तक पहुंचाया. गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह सबसे ज्यादा प्रभावी साबित हुए, जिन्होंने 4 ओवरों में सिर्फ 33 रन देकर एक विकेट लिया.