CG : चैत्र नवरात्रि तक हसदेव एक्सप्रेस का डोंगरगढ़ तक विस्तार की मांग ,रेल संघर्ष समिति ने DRM को लिखा पत्र …

कोरबा। जिले के उन यात्रियों की इच्छाएं हर नवरात्रि में अधूरी रह जाती है जो डोंगरगढ़ स्थित मां बम्बलेश्वरी का दर्शन पूजन करना चाहते हैं। यहां के लोगों को देवी दर्शन के लिए यहां कोई भी सीधी ट्रेन नहीं है जो एक दिन में यात्रा पूरी कराकर वापस ला सके। हर बार की नवरात्रि के साथ इस बार भी ऐसी ट्रेन की सुविधा पूजा स्पेशल अथवा मेल स्पेशल के रूप में देने की मांग रेल संघर्ष समिति द्वारा की गई है। यह मांग रेल संघर्ष समिति कोरबा के संरक्षक रामकिशन अग्रवाल व अंकित सावलानी ने डीआरएम को पत्र लिख कर की है।

पत्र में कहा गया है कि चैत्र नवरात्रि 19 मार्च से शुरू हो रही है। बड़ी संख्या में कोरबा के लोग मां बम्लेश्वर की पूजा अर्चना, दर्शन करने जाते हैं। जिन्हें काफी परेशानी होती है। एक दिन में दर्शन पूजन कर वापस लौटने की कोई सुविधा नहीं होने से कमजोर आय वाले देवी मां के भक्तों को परेशान होना पड़ता है। अभी यहां से जो भी ट्रेन उस रूट से गुजरती हैं वे लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेने हैं। जिन जिनका समय ऐसा है कि उनमें डोंगरगढ़ की यात्रा करना काफी महंगा साबित होता है। श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए कोरबा से रायपुर के बीच नियमित चलने वाली हसदेव एक्सप्रेस को नवरात्रि मेला तक कोरबा से डोंगरगढ़ तक चलाया जाए। इस व्यवस्था से डोंगरगढ़-कोरबा-डोंगरगढ़ के बीच किसी अतिरिक्त ट्रेन की आवश्यकता नहीं होगी क्योंकि प्रस्तावित ट्रेन का रैक रायपुर में 10.35 बजे से शाम 6.00 बजे कर खड़ा रहता है। डोंगरगढ़ स्थित मां बम्लेश्वरी का दर्शन पूजन नवरात्रि में करने के लिए हसदेव एक्सप्रेस से बेहतर विकल्प यहां के श्रद्धालुओं के लिए कोई और ट्रेन नहीं हो सकती है। क्योंकि यह गाड़ी अपने निर्धारित समय पर कोरबा से सुबह 6.35 बजे ही चला करेगी और वापसी में रायपुर के बजाय डोंगरगढ़ से बनकर कोरबा आएगी। जिन श्रद्धालुओं को उसी दिन दर्शन कर वापस आना वे इस ट्रेन में आसानी से लौट सकते हैं। जिन्हें अगले दिन आना वे किसी अन्य ट्रेन को चुन सकते हैं।