KORBA : NTPC की राख ने किया जीना हलाकान , प्रशासन की अनदेखी ,प्रबंधन की वादाखिलाफी से आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम ,थम गए भारी वाहनों के पहिए …

कोरबा । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के धनरास गांव में प्रदूषण से परेशान ग्रामीणों का आक्रोश आखिरकार सड़क पर उतर आया है। एनटीपीसी लिमिटेड के राखड़ बांध (Ash Dyke) से उड़ रही राख और वादों की अनदेखी के खिलाफ ग्रामीणों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है।

👉राख ने किया जीना दूभर

ग्रामीणों का कहना है कि राखड़ बांध से उड़ने वाली राख उनके स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन गई है। हवा के साथ उड़ती राख जहां फेफड़ों को नुकसान पहुंचा रही है, वहीं बहकर खेतों और घरों तक पहुंच रही है, जिससे खेती और जीवन दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

👉क्षतिपूर्ति नहीं, वादे अधूरे

आंदोलनकारियों का आरोप है कि राख से प्रभावित लोगों के लिए निर्धारित क्षतिपूर्ति राशि अब तक नहीं मिली है। इसके अलावा, पूर्व में किए गए वादे, जैसे घमौटा गांव के पास वॉटर पंप लगाना और अन्य जनहित कार्य—अब तक पूरे नहीं किए गए हैं।

👉प्रशासनिक अनदेखी से बढ़ा गुस्सा

ग्रामीणों ने बताया कि वे लंबे समय से अपनी समस्याओं को लेकर प्रशासन से गुहार लगा रहे थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने पर मजबूरन आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

👉ठप हुआ परिवहन, ट्रकों की लंबी कतार

हड़ताल के चलते राख परिवहन पूरी तरह ठप हो गया है। सड़कों पर भारी वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे प्रशासन में भी हड़कंप मच गया है।

👉मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी

ग्रामीणों ने साफ कर दिया है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती और क्षतिपूर्ति का भुगतान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।