CG : राजधानी में हाईटेक ड्रग्स रैकेट बेनकाब, दिल्ली कनेक्शन का खुलासा,गिरोह के 4 आरोपी पकड़ाए ,जानें किस तरह करते थे डिलीवरी ….

रायपुर। राजधानी रायपुर में ड्रग्स तस्करी के एक हाईटेक नेटवर्क का खुलासा हुआ है। तेलीबांधा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली से जुड़े इस गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने काशीराम नगर इलाके में घेराबंदी कर गिरोह के एक कुरियर को पकड़ा, जिसके पास से 5.58 ग्राम एमडीएमए (ड्रग) बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कुणाल मंगतानी, सौरभ डोंगरे, शुभम राठौर और सौरभ यादव के रूप में हुई है।

👉ऐसे काम करता था हाईटेक सिंडिकेट

पुलिस के मुताबिक, इस ड्रग्स रैकेट की कमान दिल्ली में बैठे तस्करों के हाथ में थी। आरोपी फोन पर ऑर्डर लेते और रायपुर में मौजूद अपने गुर्गों को एक्टिव कर देते थे।
ये आरोपी मोबाइल टैक्सी और रैपिडो राइडर के तौर पर काम करते थे और इसी की आड़ में शहर के अलग-अलग हिस्सों में बिना शक पैदा किए ड्रग्स की डिलीवरी करते थे।

👉‘डेड-ड्रॉप’ पैटर्न से सप्लाई

गिरोह ड्रग्स सप्लाई के लिए ‘डेड-ड्रॉप’ तकनीक अपनाता था। यानी ग्राहक और सप्लायर आमने-सामने नहीं आते थे, बल्कि तय जगह पर ड्रग्स रखकर लोकेशन शेयर कर दी जाती थी। इससे पुलिस की पकड़ से बचने की कोशिश की जाती थी।

👉कई राज्यों से मंगाई जाती थी खेप

पूछताछ में सामने आया है कि ड्रग्स की सप्लाई पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, मुंबई और गोवा से ट्रेन, बस और कुरियर के जरिए रायपुर लाई जाती थी।

👉आगे और खुलासे संभव

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने शहर में कितनी बार और किन-किन लोगों को ड्रग्स सप्लाई की। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले में और बड़ी गिरफ्तारियां हो सकती हैं, जिससे पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश होने की उम्मीद है।