KORBA : इंसानियत शर्मसार,खाट पर पड़ी बीमार महिला से हैवानियत ,पुलिस के हत्थे चढ़ा दरिंदा ….

कोरबा। न्यायधानी के करीब औद्योगिक नगरी कोरबा में रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार करने वाला एक बेहद घिनौना मामला सामने आया है। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक बीमार महिला, जो खुद के पैरों पर खड़ी होने तक की ताकत नहीं रखती थी, उसे एक दरिंदे ने अपनी हवस का शिकार बनाया।

बीमारी की लाचारी और विश्वास का कत्ल पीड़िता पिछले एक साल से पीलिया (जॉन्डिस) की गंभीर बीमारी से जूझ रही है। सोमवार की शाम जब उसका पति रोजी-रोटी की तलाश में काम पर गया था, तब वह घर में खाट पर लेटी हुई थी। शरीर के दर्द से कराहती माँ ने अपने छोटे बच्चों से शरीर पर तेल मलने को कहा था, लेकिन तभी दरवाजे पर मौत बनकर ‘अर्जुन नेताम’ दाखिल हुआ। अर्जुन पीड़िता के पति का परिचित था और अक्सर घर आता-जाता था, लेकिन उस दिन उसके मन में वहशीपन सवार था।

मासूमों को कमरे से निकाला, फिर किया मुँह काला आरोपी ने बेहद चालाकी से दोनों मासूम बच्चों को बहाने बनाकर कमरे से बाहर भेज दिया। जैसे ही बच्चे बाहर गए, उसने लाचार महिला के मुँह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि उसकी चीखें बाहर न जा सकें। बेबस महिला बीमारी की वजह से विरोध भी न कर सकी और आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

बस्ती का आक्रोश और पुलिस की कार्रवाई घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी। बच्चों के वापस आने पर उसने पड़ोसियों को अपनी आपबीती सुनाई, जिसे सुनकर पूरी बस्ती का दिल दहल गया। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी और उनकी टीम ने घेराबंदी की और मंगलवार को आरोपी अर्जुन नेताम को धर दबोचा।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कड़े प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। इस घटना ने एक बार फिर समाज के सामने सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर एक बीमार और लाचार महिला अपने ही घर में कितनी सुरक्षित है?