कोरबा। जीवन की आपाधापी में खुद को भूल चुकी मातृशक्तियों के लिए एक खास पहल करते हुए “बचपन का टिकट कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 12 अप्रैल (रविवार) को शाम 4 बजे से अशोक वाटिका में सखी सहेली महिला समूह द्वारा आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन की जानकारी भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पाण्डेय ने टीपी नगर में आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि भावनाओं से जुड़ा एक विशेष प्रयास है, जिसके माध्यम से महिलाएं अपने बचपन के सुनहरे पलों को फिर से जी सकेंगी। कार्यक्रम में खो-खो, कबड्डी, फुगड़ी, गोटा, रस्सीकूद, कुर्सी दौड़, बोरा दौड़, रस्सी खींच, चम्मच दौड़ और जलेबी दौड़ जैसे पारंपरिक खेलों का आयोजन किया
जाएगा। प्रतियोगिता को दो वर्गों में बांटा गया है। 18 से 25 वर्ष एवं 25 वर्ष से अधिक आयु वर्ग। सभी प्रतियोगिताओं में भाग लेना निःशुल्क रहेगा और विजेताओं को आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। सरोज पाण्डेय ने कहा कि “बचपन का टिकट” नाम सुनते ही मन में मुस्कान आ जाती है और बचपन की निश्छल यादें ताजा हो जाती हैं। हमारी मातृशक्ति, जो परिवार की धुरी होती हैं, अक्सर अपनी खुशियों को पीछे छोड़ देती हैं। यह आयोजन उन्हें कुछ पल खुद के लिए जीने का अवसर देगा। उन्होंने आगे कहा कि मां केवल जिम्मेदारियों और त्याग की प्रतिमा ही नहीं है, बल्कि वह भी हंसना, खेलना और जीवन को खुलकर जीना चाहती है। यह एक कार्यक्रम ही नहीं, बल्कि सम्मान और अपनत्व का संदेश है। यह आयोजन विशुद्ध रूप से सामाजिक कार्यक्रम है। वही प्रेस वार्ता में महापौर संजू देवी राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, पार्षद नरेंद्र देवांगन, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष प्रीति स्वर्णकार, पार्षद हितानंद अग्रवाल, विकास अग्रवाल मंचस्थ रहे।
