कोरबा। जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। एक बार फिर तेज रफ्तार वाहन के चालक ने स्कूटी को चपेट में ले लिया। हादसे में स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार मामा ने मौके पर दम तोड़ दिया, जबकि नाबालिग भांजा को गंभीर चोटें आई। उसे इलाज के लिए अस्पताल दाखिल कराया गया है। मामले में पुलिस ने दुर्घटनाकारित वाहन की पतासाजी शुरू कर दी है।

दर्री थानांतर्गत श्यामनगर लाटा में प्रदीप कुमार 45 वर्ष परिवार सहित निवास करता था। वह मंगलवार की तड़के करीब 5.30 बजे नाबालिग भांजा प्रत्यांशु नागेशिया के साथ घूमने के लिए दर्री डेम के लिए निकला था। वे एनटीपीसी गेट नंबर 2 के समीप पहुंचे थे। इसी दौरान किसी वाहन के चालक ने उनकी स्कूटी को चपेट में ले लिया। वाहन की चपेट में आने से स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार प्रदीप कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भांजा प्रत्यांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया। हादसे की जानकारी होने पर लोग भारी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। घटना की सूचना पुलिस को देते हुए घायल नाबालिग को इलाज के लिए एनटीपीसी के विभागीय अस्पताल में दाखिल कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत मृतक के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। मामले में पुलिस दुर्घटनाकारित वाहन और चालक की पतासाजी कर रही है। आशंका जताई जा रही है कि घटना को किसी हाइवा के चालक ने अंजाम दिया होगा।
