नई दिल्ली। आईपीएल 2026 के रोमांच के ठीक बाद भारतीय क्रिकेट टीम का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है। 31 मई को होने वाले आईपीएल फाइनल और 6 जून से शुरू होने वाले अफगानिस्तान के खिलाफ इकलौते टेस्ट मैच के बीच केवल 6 दिनों का अंतर है। इसी ‘टाइट’ शेड्यूल को देखते हुए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अपने सीनियर खिलाड़ियों को लेकर एक बड़ा फैसला ले सकता है।
👉बड़े नामों को मिलेगा रेस्ट

बीसीसीआई के सूत्रों के अनुसार, आईपीएल के तुरंत बाद होने वाले अफगानिस्तान टेस्ट मैच में जसप्रीत बुमराह और शुभमन गिल जैसे बड़े नामों को आराम दिया जा सकता है। इसके पीछे सबसे बड़ी वजह खिलाड़ियों का वर्कलोड मैनेजमेंट है। आईपीएल में करीब दो महीने तक लगातार खेलने के बाद खिलाड़ियों के बर्नआउट होने का खतरा बढ़ जाता है। चूंकि अफगानिस्तान के खिलाफ यह टेस्ट मैच आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप चक्र का हिस्सा नहीं है, इसलिए बोर्ड इसे कम जोखिम वाला मैच मान रहा है और अपने मुख्य हथियारों को ताजा दम रखने के लिए यह कदम उठा सकता है।
👉WTC और वनडे वर्ल्ड कप है असली प्राथमिकता
भारतीय टीम मैनेजमेंट के लिए इस समय अफगानिस्तान टेस्ट से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण आगामी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के मुकाबले और अगले साल होने वाला वनडे वर्ल्ड कप है। अफगानिस्तान टेस्ट के बाद भारत को श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ दो-दो टेस्ट मैचों की महत्वपूर्ण सीरीज खेलनी है, जो WTC फाइनल की राह तय करेगी। सूत्र के मुताबिक, ‘अभी वनडे और WTC प्राथमिकता हैं। हम चाहते हैं कि हमारे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी फिट और फ्रेश रहें। ऐसे में बुमराह जैसे गेंदबाज को कम महत्व वाले टेस्ट मैच में खिलाकर रिस्क क्यों लेना?’
👉आईपीएल के नतीजों पर टिका है आखिरी फैसला
हालांकि, दिग्गजों को आराम देने का यह फैसला पूरी तरह से आईपीएल 2026 के प्लेऑफ और फाइनल के नतीजों पर भी निर्भर करेगा। यदि जसप्रीत बुमराह की टीम मुंबई इंडियंस या शुभमन गिल की टीम गुजरात टाइटंस फाइनल तक नहीं पहुंचती है, तो चयनकर्ता अपनी रणनीति बदल भी सकते हैं। यदि ये खिलाड़ी जल्दी फ्री हो जाते हैं, तो उन्हें टेस्ट टीम में शामिल किया जा सकता है। अंतिम फैसला अफगानिस्तान सीरीज के लिए होने वाली चयन समिति की बैठक में लिया जाएगा।
