कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले स्थित कुसमुंडा खदान में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए SECL के CMPF विभाग में पदस्थ क्लर्क मनोहर लाल कौशिक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद खदान क्षेत्र और विभागीय दफ्तरों में हड़कंप मच गया है।
👉PF राशि निकालने के बदले मांगी थी रिश्वत

जानकारी के मुताबिक, एक खदान कर्मी अपने भविष्य निधि (PF) की राशि निकालने की प्रक्रिया पूरी कराने CMPF कार्यालय पहुंचा था। आरोप है कि संबंधित क्लर्क ने फाइल आगे बढ़ाने के बजाय कर्मचारी को कई दिनों तक परेशान किया और बाद में काम कराने के बदले रिश्वत की मांग कर दी। लगातार हो रही परेशानी से तंग आकर कर्मचारी ने मामले की शिकायत CBI से कर दी। शिकायत मिलने के बाद एजेंसी ने पूरे मामले की गोपनीय जांच शुरू की।
👉भिलाई से पहुंची CBI टीम, बिछाया जाल
सूत्रों के अनुसार, CBI की विशेष टीम भिलाई से कोरबा पहुंची थी। टीम ने पहले शिकायत की पुष्टि की और फिर योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप तैयार किया। रविवार को तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी क्लर्क ने रिश्वत की रकम ली, CBI अधिकारियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
👉कार्रवाई के बाद विभाग में मचा हड़कंप
बताया जा रहा है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है। लंबे समय से विभागीय कामकाज से परेशान खदान कर्मियों ने CBI की इस कार्रवाई पर खुशी जताई है। अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि रिश्वतखोरी का यह मामला केवल एक कर्मचारी तक सीमित था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है।
