UP : गोमती एक्सप्रेस ट्रेन में 5 टुकड़ों में लड़की की सिर कटी लाश मिलने से मची सनसनी ,जांच में जुटी GRP …

उत्तरप्रदेश लखनऊ । उत्तर प्रदेश और बिहार के बीच चलने वाली छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस में युवती के शव के पांच टुकड़े मिलने के मामले में अब बड़ा खुलासा हुआ है। जीआरपी जांच में सामने आया है कि हत्यारों ने युवती की हत्या कहीं और की और पहचान छिपाने के लिए शव के टुकड़े कर ट्रेन में रख दिए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि शव का सिर अब तक गायब है। पुलिस को शक है कि हत्या बदले, अवैध संबंध या ऑनर किलिंग जैसी वजहों से की गई हो सकती है।

👉ट्रेन के S-1 कोच में मिला ‘मौत का बक्सा’

रविवार सुबह जब 15114 छपरा-गोमतीनगर एक्सप्रेस लखनऊ के गोमतीनगर रेलवे स्टेशन पहुंची, तब स्लीपर कोच S-1 में एक लावारिस बक्सा और बैग मिलने की सूचना मिली। जब रेलवे पुलिस ने बक्सा खोला तो अंदर युवती का धड़ देखकर सभी सन्न रह गए। पास रखे बैग और पॉलीथीन से हाथ-पैर के कटे हुए हिस्से बरामद हुए। शव के कुल पांच टुकड़े मिले, लेकिन सिर नहीं मिला। जीआरपी की तीन टीमें लगातार जांच में जुटी हैं। बिहार के छपरा, छपरा कचहरी, मरहौरा, मसरख, राजापट्टी, गोपालगंज और थावे समेत कई रेलवे स्टेशनों के CCTV फुटेज खंगाले गए, लेकिन कहीं भी संदिग्ध बक्सा रखते नहीं दिखा। अब पुलिस उत्तर प्रदेश के तमकुही रोड रेलवे स्टेशन से लेकर गोमतीनगर तक के फुटेज खंगाल रही है। शुरुआती जांच में अंदेशा है कि शव वाला बक्सा यूपी के किसी स्टेशन से ट्रेन में रखा गया था।

👉रात 1 बजे दिखा था संदिग्ध बक्सा

S-1 कोच में सफर कर रहे यात्रियों से पूछताछ में सामने आया कि शनिवार देर रात करीब 1 बजे शौचालय के पास बक्सा रखा देखा गया था। हालांकि रात ज्यादा होने की वजह से किसी ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।

👉हत्या के पीछे नफरत या बदले की आशंका

पुलिस सूत्रों के मुताबिक जिस तरीके से शव के टुकड़े किए गए हैं, उससे साफ है कि हत्यारे युवती से बेहद नफरत करते थे। पहचान मिटाने के लिए सिर अलग किया गया। हत्या में एक से ज्यादा लोगों के शामिल होने की भी आशंका जताई जा रही है।

👉बायोमेट्रिक से पहचान की कोशिश नाकाम

युवती की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष बताई जा रही है। जीआरपी ने शव के पंजे से बायोमेट्रिक मिलान कराने की कोशिश की, लेकिन शरीर से रक्त प्रवाह सूख जाने के कारण पहचान नहीं हो सकी। एसपी रेलवे रोहित मिश्र ने बताया कि मामले की जांच के लिए 3 टीमें बनाई गई हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।