कोरबा। जिले के बालको थाना क्षेत्र से महिला के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद का फायदा उठाकर पति के दोस्त ने महिला के साथ जबरदस्ती की। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
👉पति से नाराज होकर घर से निकली थी महिला
जानकारी के अनुसार, खाना बनाने की बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। विवाद के बाद महिला रात में घर छोड़कर निकल गई और बालको चेक पोस्ट के पास एक दुकान के बाहर सो गई।
इसी दौरान पति के दोस्त जाबिर अली की नजर महिला पर पड़ी। बताया जा रहा है कि जाबिर अली ने महिला को अपने साथी निरंजन संधू के घर भेज दिया, जहां उसकी मां और बहन ने महिला को रात में रुकने दिया।
अगले दिन निरंजन महिला को उसके घर छोड़ने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में फिर से जाबिर अली मिल गया। इसके बाद दोनों महिला को घुमाने के बहाने लालघाट इलाके की ओर ले गए।
👉शराब पिलाकर वारदात को दिया अंजाम

आरोप है कि वहां महिला को जबरन शराब पिलाई गई और बाद में जंगल में ले जाकर मुख्य आरोपी जाबिर अली ने उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद महिला किसी तरह अपने रिश्तेदार के घर पहुंची और पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजनों के साथ महिला ने बालको थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी युवराज तिवारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर तत्काल मामला दर्ज कर मुख्य आरोपी जाबिर अली और उसके साथी निरंजन संधू को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
