CG : बाली उम्र में अंधा प्यार पड़ा भारी ,न्यायधानी में 13 वर्षीय किशोरी ब्वॉयफ्रेंड की दगाबाजी से हो गई गैंगरेप की शिकार ,तीनों नाबालिग दरिंदे गिरफ्तार …

बिलासपुर । जिले में 13 साल की लड़की से गैंगरेप किया गया है। बॉयफ्रेंड उसे बाइक पर घुमाने के बहाने रेलवे स्टेशन ले गया। जहां पहले से 2 दोस्त मौजूद थे। बाद में तीनों ने मिलकर सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों नाबालिग आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है।

वहीं, एक प्राइवेट स्कूल के शिक्षक ने 15 साल की छात्रा को प्यार में फंसाया। फिर उसे बाइक पर बैठाकर होटल ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और किसी को यह बताने पर चाकू अड़ाकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। अब सिलसिलेवार पढ़िए दोनों घटनाएं…

केस- 1 बॉयफ्रेंड ने दोस्तों संग किया गैंगरेप

पहला मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, 13 साल की छात्रा ने सातवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। 5 मई को वह अचानक लापता हो गई। रिश्तेदारों ने उसे काफी तलाशा, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद वे थाने पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की। 7 मई की रात 10 बजे पुलिस ने नाबालिग को रेलवे स्टेशन के पास से बरामद किया और रिश्तेदारों को जानकारी दी।

महिला पुलिसकर्मियों, रिश्तेदारों की मौजूदगी में काउंसलिंग के दौरान नाबालिग ने आप-बीती सुनाई। जांच में सामने आया कि बॉयफ्रेंड उसको घुमाने के बहाने बहला-फुसलाकर ले गया था। इसके बाद वे लोग रेलवे स्टेशन के पास पहुंचे।

👉आरोपियों की एज 13 से 16 साल के बीच

जहां बॉयफ्रेंड के 2 दोस्त पहले से मौजूद थे। सुनसान जगह ले जाकर तीनों ने बारी-बारी रेप किया। आरोपियों की उम्र 13 से 16 साल के बीच है। आगे की कार्रवाई की जा रही है, उन्हें किशोर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
इस मामले में टीआई रजनीश सिंह ने बताया कि रिश्तेदारों ने अपहरण का मामला दर्ज कराया था। सामूहिक दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़कर 3 नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है। तीनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

👉केस- 2 शिक्षक ने नाबालिग छात्रा का किया रेप

दूसरा मामला सिरगिट्टी थाना क्षेत्र का है। जहां प्राइवेट स्कूल के शिक्षक ने दिसंबर 2025 में अपनी ही 15 साल के छात्रा से रेप किया है और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। महीनों से डरी-सहमी नाबालिग छात्रा ने अब रिश्तेदारों को आपबीती बताई है।

थाना प्रभारी अभय सिंह ने बताया कि पीड़िता निजी स्कूल में कक्षा दसवीं की छात्रा है, उसी स्कूल में देवरीखुर्द का रहने वाला युवक राहुल बांगरू शिक्षक के पद पर कार्यरत था। पढ़ाने के दौरान ही आरोपी की नीयत छात्रा पर बिगड़ गई। उसने नाबालिग छात्रा को बहला-फुसलाकर अपने प्रेम जाल में फंसाया, उससे बातचीत करने लगा।

👉चाकू दिखाकर दी थी धमकी

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वारदात दिसंबर महीने की है। एक दिन आरोपी उसे अपनी बाइक पर बैठाकर जबरदस्ती अपने साथ ले गया और होटल पहुंचा। जहां उसने रेप किया। वारदात के बाद जब छात्रा रोने लगी, तो आरोपी शिक्षक ने जेब से चाकू निकाल लिया।

उसने छात्रा की गर्दन पर चाकू अड़ाकर धमकी दी। इस पूरे मामले में आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।