KORBA : सड़क हादसे में घायलों के बीच देवदूत बनकर पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह ,अपने वाहनों से पहुंचवाया अस्पताल ,संवेदनशीलता ने जीता दिल

​ कोरबा -छुरी । कोरबा से वापस लौटते समय जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने मानवता और संवेदनशीलता का एक अनूठा परिचय दिया है। मार्ग में हुए एक सड़क हादसे के घायलों को तड़पता देख उन्होंने न सिर्फ अपनी गाड़ी रुकवाई, बल्कि तत्परता दिखाते हुए घायलों को अपने ही वाहन से अस्पताल पहुँचाया।

​मिली जानकारी के अनुसार, छुरी मार्ग पर एक स्कूटी और ‘छोटा हाथी’ (मालवाहक वाहन) के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कूटी सवार सड़क पर दूर जा गिरे। इस हादसे में दो महिलाएँ और बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई थी।
​उसी दौरान कोरबा से अपना दौरा पूरा कर लौट रहे जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार सिंह का काफिला वहाँ से गुजरा। भीड़ और घायलों को सड़क पर देख उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाने के निर्देश दिए। बिना एक पल गँवाए, उन्होंने अपने सहयोगियों की मदद से लहूलुहान हालत में पड़ी दोनों महिलाओं और बच्चों को संभाला।

👉​त्वरित निर्णय से बची जान

एम्बुलेंस का इंतजार करने में समय जाया न हो, इसलिए उन्होंने घायलों को तुरंत अपने निजी वाहन में बिठाया और खुद उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र छुरी रवाना हुए।

👉​अस्पताल में उपचार जारी

​जिला पंचायत अध्यक्ष की इस त्वरित संवेदनशीलता के कारण घायलों को सही समय पर में इलाज मिल सका। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र छुरी में सभी घायलों को भर्ती कर लिया गया है, जहाँ डॉक्टरों की टीम द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों ने जिला पंचायत अध्यक्ष पवन कुमार सिंह के इस सेवाभाव और त्वरित निर्णय की जमकर सराहना की है। लोगों का कहना है कि अगर सही समय पर उन्हें अस्पताल न पहुँचाया जाता, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी।