कोरबा। कोतवाली थाना क्षेत्र के दर्री रोड के मोहल्ला रामसागर पारा में रविवार देर शाम आपसी विवाद हत्या की घटना में तब्दील हो गई।
घटना के संबंध में मिली प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक एक युवक का 8-10 दिन पहले मोहल्ले के ही युवक से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। इस विवाद की रंजिश में आज वही युवक अपने कुछ साथियों को लेकर लाठी-डंडा से लैस होकर बदला लेने के लिए रामसागर पारा मैं गया था। यहां उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक युवक पर लाठी-डंडे से बुरी तरह हमला किया। इस हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद यह सभी युवक लाठी लहराते हुए दर्री रोड से पावर हाउस रोड में जाते नजर आए।

इधर, घटना को लेकर क्षेत्रवासियों में शोक मिश्रित आक्रोश व्याप्त हो गया है। मृतक के परिजन और बस्तीवासी बड़ी संख्या में थाना कोतवाली पहुंचे और अपना आक्रोश प्रकट किया। इस दौरान सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी भी कोतवाली और घटना स्थल पहुंचे। इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और फरार आरोपियों की धर पकड़ के लिए कोशिश लगातार जारी है। इस बीच यह भी जानकारी मिल रही है कि जिस युवक की हत्या हुई है उसका विवाद से संभवत: कोई लेना-देना नहीं था। मारने किसी और को गए थे, निशाने पर कोई और आ गया और अब तक की अपुष्ट जानकारी के मुताबिक एक निर्दोष की जान रंजिश के चक्कर में चली गई। समाचार लिखे जाने तक रामसागरपारा इलाके में आक्रोश और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस के अधिकारी तैनात रहकर लोगों से शांति से रहने की अपील कर रहे हैं।
