बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के खर्वे गांव में पिछले तीन महीनों में हुई 8 संदिग्ध मौतों का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, गांव के ही रामसहाय जायसवाल (46) ने पुरानी रंजिश, विवाद, पत्नी पर गलत नजर रखने के शक, कर्ज और टोना-टोटका की आशंका के चलते ग्रामीणों को जहरीली शराब पिलाकर मौत के घाट उतार दिया।


मामले का खुलासा तब हुआ जब ग्रामीणों ने 6 जून को एसडीएम कसडोल को आवेदन देकर मौतों की जांच की मांग की। ग्रामीणों के संदेह के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और सात शवों को कब्र से निकलवाकर पोस्टमॉर्टम व फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा।
जांच में सामने आया कि आरोपी ने पहले चूहे मारने के नाम पर जहरीला पदार्थ खरीदा और उसका परीक्षण एक कुत्ते पर किया। इसके बाद उसने अलग-अलग तारीखों में ग्रामीणों को जहर मिलाकर शराब पिलाई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी को हिरासत में लिया। शुरुआती इनकार के बाद आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। मंगलवार को पुलिस आरोपी को उसके घर, दुकान और घटनास्थल पर लेकर पहुंची, जहां से जहरीला पदार्थ बरामद किया गया।
ग्रामीणों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। गांव में लगातार हो रही मौतों के बीच 21 लोगों की कथित बलि की चर्चाएं भी फैल गई थीं, हालांकि पुलिस जांच में इस संबंध में कोई प्रमाण नहीं मिला है।
