CG : आत्मानंद स्कूल में शराबी शिक्षक का हंगामा,छात्रों से कथित मारपीट का आरोप,कवरेज करने गए मीडियाकर्मियों पर प्राचार्य द्वारा बदसलूकी ,बिना लिखित आदेश बाहर निकालने का आरोप ,सुशासन की सरकार में प्रशासनिक मनामानेपन पर उठे सवाल !

बलौदाबाजार। बलौदाबाजार जिले के पंडित चक्रपाणी स्कूल आत्मानंद स्कूल में एक शिक्षक के कथित तौर पर शराब के नशे में स्कूल पहुंचने और छात्राओं के साथ गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि, शिक्षक के व्यवहार का विरोध करने पर छात्राओं के साथ मारपीट भी की गई। घटना के बाद स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों में नाराजगी की स्थिति बताई जा रही है।

👉छात्राओं से गाली-गलौज के बाद विवाद और मारपीट की शिकायत

बताया जा रहा है कि, शिक्षक नरेश तिवारी पर पहले भी शराब के नशे में स्कूल आने के आरोप लगते रहे हैं। गुरुवार को भी उनके कथित रूप से नशे की हालत में स्कूल पहुंचने के बाद छात्राओं के साथ गाली-गलौज करने की बात सामने आई। छात्राओं द्वारा विरोध किए जाने के बाद विवाद बढ़ने और मारपीट की शिकायत सामने आई है।

👉शिकायत पर कार्रवाई न होने का आरोप

घटना के बाद छात्राएं और अन्य विद्यार्थी शिकायत लेकर स्कूल की प्राचार्य वंदनी श्रीवास्तव के पास पहुंचे। विद्यार्थियों का आरोप है कि, उनकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई। मामले की जानकारी मिलने के बाद जब मीडियाकर्मी स्कूल पहुंचे और प्राचार्य के कक्ष में मामले की जानकारी लेने पहुंचे, तो आरोप है कि प्राचार्य वंदनी श्रीवास्तव ने मीडियाकर्मियों के साथ बदसलूकी की और उन्हें स्कूल से बाहर जाने के लिए कहा।

👉कलेक्टर के निर्देश पर जांच के लिए पहुंचे अधिकारी

प्राचार्य की ओर से कहा गया कि, स्कूल परिसर में मीडिया का प्रवेश प्रतिबंधित है। हालांकि, मौके पर मीडियाकर्मियों को इस संबंध में कोई लिखित नियम अथवा सक्षम अधिकारी का आदेश उपलब्ध नहीं कराया गया। मामला सामने आने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी और तहसीलदार स्कूल पहुंचे हैं। अधिकारियों द्वारा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है। शिक्षक पर लगाए गए आरोप, छात्राओं के साथ कथित मारपीट और स्कूल प्रबंधन के रवैये को लेकर जांच की जा रही है।

👉 प्राचार्य को हटाने के निर्देश

वहीं उक्त शराबी शिक्षक को देर शाम ही पुलिस डॉक्टरी मुलाहिजा के लिए ले जाया गया। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि, शिक्षक पर लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और मामले में स्कूल प्रबंधन की भूमिका को लेकर क्या कार्रवाई की जाती है। इस बारे में सहायक शिक्षा संचालक ने बलौदाबाजार स्कूल में प्राचार्य को हटाए जाने की बात लिखित रूप में दी है।