CG : इस्पात प्लांट में बड़ा हादसा, फर्नेस ब्लास्ट से 4 मजदूर गंभीर रूप से झुलसे …

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा स्थित रायगढ़ इस्पात प्लांट में बुधवार दोपहर बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। फर्नेस में रिसाव के बाद अचानक हुए ब्लास्ट की चपेट में आकर चार श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के मुताबिक, प्लांट में रोजमर्रा की तरह काम चल रहा था, तभी दोपहर के समय फर्नेस में तेज धमाका हुआ। हादसे में अमरेश कुमार (35), रामनाथ, उजेन्द्र और फिरोज घायल हो गए। सूचना मिलते ही पूंजीपथरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी रामकिंकर यादव ने बताया कि घायल श्रमिकों की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।