अंबिकापुर । छत्तीसगढ़ में मानसून की पहली बारिश जहां राहत लेकर आई है, वहीं आकाशीय बिजली की घटनाएं एक बार फिर जानलेवा साबित होने लगी हैं। सरगुजा जिले आज आकाशीय बिजली गिरने से दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के मुताबिक घटना धौरपुर थाना क्षेत्र के डुमकी ग्राम पंचायत के खुटापारा गांव की है। बताया जा रहा है कि गांव में रहने वाले दो मासूम बच्चे स्कूल मैदान में आम बीनने गए थे। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर दोनों बच्चे झूलस गए।
वहीं पास में बैल चरा रहा एक युवक भी इसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। ग्रामीणों ने तत्काल सभी को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने दो बच्चों सहित तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल ग्रामीण का उपचार जारी है।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में हर साल मानसून के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से कई लोगों की जान चली जाती है। सबसे ज्यादा प्रभावित ग्रामीण इलाके होते हैं, जहां किसान, चरवाहे और खुले मैदान में खेल रहे बच्चे इसकी चपेट में आते हैं।
